एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | पाकिस्तान में पिछले एक महीने में कोरोना वायरस के एक दिन में सबसे कम मामले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. (सज्जाद हुसैन)

विदेश की खबरें | पाकिस्तान में पिछले एक महीने में कोरोना वायरस के एक दिन में सबसे कम मामले

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 26 जून पाकिस्तान में पिछले लगभग एक महीने में शुक्रवार को कोरोना वायरस के एक दिन में सबसे कम 2,775 मामले सामने आए। नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के कुल मामले 1,95,745 हो गए हैं।

यह भी पढ़े | पाकिस्तान में हर 3 पायलट में से एक के पास फर्जी लाइसेंस, बिना योग्यता के उड़ा रहे विमान.

इस बीच, पाकिस्तान के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि जून के अंत तक देश में कोविड-19 के लगभग 2,25,000 मरीज हो जाएंगे, जबकि पहले मरीजों की संख्या 3,00,000 तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया था।

योजना मंत्री असद उमर ने कहा कि लोगों द्वारा जिम्मेदारी दिखाने के बाद सरकार अपेक्षित संख्या को नियंत्रण में रखने में सफल रही।

यह भी पढ़े | डब्ल्यूएचओ का बड़ा दावा, एक साल के भीतर आ सकती है कोविड-19 की वैक्सीन.

उन्होंने कोविड-19 स्थिति की समीक्षा करने वाले राष्ट्रीय कमान और नियंत्रण केंद्र (एनसीओसी) की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया को बताया, ‘‘नतीजतन, अब हम शुरूआती आशंका 3,00,000 के बजाय जून के अंत तक 2,25,000 मामलों की उम्मीद कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि मामलों में गिरावट संयुक्त प्रयासों के जरिये वायरस के खिलाफ लड़ाई में मिली सफलता को दर्शाती है और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने सहित कई दिशानिर्देशों का पालन करने से फायदा हुआ है।

एक दिन में सबसे ज्यादा 6,825 नये मामले 13 जून को सामने आए थे। वहीं 29 मई को, पाकिस्तान में सबसे कम 2,429 मामले सामने आए थे।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से 59 लोगों की मौत हुई जिसके बाद मृतक संख्या 3,962 हो गई है।

अब तक 84,168 मरीज बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं।

कोविड-19 के सबसे अधिक 75,168 मरीज सिंध में हैं। इसके बाद पंजाब में 71,987, खैबर पख्तूनख्वा में 24,303, इस्लामाबाद में 11,981, बलोचिस्तान में 9,946, गिलगित-बाल्तिस्तान में 1,398 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 962 मरीज हैं।

अब तक अधिकारियों ने 11,93,017 नमूनों की जांच की है जिसमें से 21,041 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटों में की गई है।

इस बीच, पाकिस्तान ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से आगामी ईद-उल-अजहा के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने में मदद मांगी है, जब कुर्बानी के लिए जानवरों को बेचे जाने के लिए देश भर में मवेशी बाजार लगते हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा पर प्रधानमंत्री के विशेष सहायक जफर मिर्जा ने डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय निदेशक डॉ अहमद अल मंधारी और उनकी टीम के साथ वीडियो लिंक के जरिए बृहस्पतिवार को हुई बैठक में दिशा-निर्देश तैयार करने के लिए मदद मांगी।

मिर्जा ने कहा कि पाकिस्तान ठोस एवं समन्वित राष्ट्रीय प्रतिक्रिया के जरिए कोविड-19 से लड़ रहा है।

प्रधानमंत्री इमरान खान ने कोरोना वायरस संकट से निपटने के अपनी सरकार के तरीके का यह कहते हुए बचाव किया कि बीमारी की शुरुआत से ही आधिकारिक नीतियों में कोई भ्रम या विरोधाभास नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2020 09:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).