देश की खबरें | अरुणाचल में भारत-चीन सीमा के निकट ‘लापता’ हुए दो लोगों की तलाश जारी: पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने कहा है कि अगस्त में भारत-चीन सीमा के निकट चागलगाम इलाके से कथित तौर पर लापता हुए दो लोगों की तलाश की जा रही है।

ईटानगर, 15 अक्टूबर अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने कहा है कि अगस्त में भारत-चीन सीमा के निकट चागलगाम इलाके से कथित तौर पर लापता हुए दो लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने परिवार के सदस्यों का हवाला देते हुए बताया कि अंजाव जिले के दुइलियांग गांव के रहने वाले बेटिलम टिकरो और उसका दोस्त बेइंग्सो मन्यु 19 अगस्त को औषधीय जड़ी-बूटियों की तलाश में और वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट पहाड़ों पर शिकार करने के लिए घर से निकले थे।

हालांकि, बेटिलम के छोटे भाई दिशांसो चिक्रो ने दावा किया कि दोनों को चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने हिरासत में ले लिया होगा।

चिक्रो ने कहा, “हमें संदेह है उन्होंने अनजाने में एलएसी पार कर ली होगी और पीएलए ने उन्हें हिरासत में ले लिया होगा। हम बेहद चिंतित हैं।”

पुलिस अधिकारी ने कहा कि परिवार के सदस्यों ने खुपा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

चिक्रो ने यह भी कहा कि परिवार ने एक पत्र के माध्यम से हयूलियांग विधानसभा क्षेत्र के विधायक दासंगलू पुल का इस ओर ध्यान आकर्षित किया है।

अंजाब जिले के पुलिस अधीक्षक राइक कामसी ने कहा, “हम गवाहों, परिवार के सदस्यों और सीमा के पास रहने वाले ग्रामीणों से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राज्य सरकार को एक रिपोर्ट सौंपेंगे। हालांकि, स्थानीय लोगों के लिए औषधीय जड़ी-बूटियों की तलाश में जंगलों में जाना आम बात है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now