देश की खबरें | लोकसभा अध्यक्ष ने यमुना के जल्द स्वच्छ होने की उम्मीद जतायी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को मथुरा की अपनी यात्रा के दौरान सपरिवार वृन्दावन के केशीघाट पहुंचकर यमुना नदी की पूजा-अर्चना की। बिरला ने उम्मीद भी जताई कि कालिंदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रयास चल रहे हैं और जल्द ही यमुना मैया पहले की भांति स्वच्छ और निर्मल जल से परिपूर्ण नजर आएंगी।
मथुरा, तीन मार्च लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को मथुरा की अपनी यात्रा के दौरान सपरिवार वृन्दावन के केशीघाट पहुंचकर यमुना नदी की पूजा-अर्चना की। बिरला ने उम्मीद भी जताई कि कालिंदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रयास चल रहे हैं और जल्द ही यमुना मैया पहले की भांति स्वच्छ और निर्मल जल से परिपूर्ण नजर आएंगी।
अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीधे वृन्दावन के केशीघाट पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ने आचार्य शरद गोस्वामी के निर्देशन में वेदपाठी विप्रों के स्वस्तिवाचन के उच्चारण के बीच सपरिवार यमुना पूजन कर आरती की। उनके स्वागत के लिए पहुंचे लोगों ने यमुना महारानी के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
बिरला ने बाद में संवाददाताओं से कहा, ''इस पवित्र धरा पर आकर मां यमुना महारानी का पूजन अर्चन किया है। गंगा-यमुना सब स्वच्छ हों। इनकी अविरल धारा हमें नयी ऊर्जा देती है। मैं यमुना की धरती को नमन करता हूं। ये सबका कल्याण करें।''
यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने कहा, ''यमुना की स्वच्छता के लिए अभियान चल रहा है। इसका व्यापक अभियान चलेगा। यमुना स्वच्छ होगी।''
बिरला ने इस दौरान संतों और स्थानीय भक्तों से बातचीत की तथा क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में जाना। इसके बाद वे काफिले के साथ ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने मंदिर पहुंचे। वहां भी उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर अपने आराध्य का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान सेवायत गोस्वामियों ने उन्हें ठाकुर जी की प्रसादी भेंट की।
दिल्ली लौटने से पूर्व बिरला ने रुक्मणि विहार स्थित एक आश्रम में संतजनों से आशीर्वाद लिया और उनके साथ धार्मिक-आध्यात्मिक चर्चा कर कुछ समय भी बिताया।
इसके पूर्व, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने बिरला का वृन्दावन पहुंचने पर स्वागत किया। उनकी पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस एवं प्रशासन के पुख्ता इंतजाम रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)