ताजा खबरें | लोकसभा ने जम्मू-कश्मीर, पुडुचेरी की विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण संबंधी दो विधेयक पारित किए
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने के प्रावधान वाले दो विधेयकों को मंजूरी प्रदान की।
नयी दिल्ली, 12 दिसंबर लोकसभा ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने के प्रावधान वाले दो विधेयकों को मंजूरी प्रदान की।
सदन में चर्चा और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के जवाब के बाद जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2023 और संघ राज्य क्षेत्र शासन (सशोधन) विधेयक, 2023 को ध्वनिमत से स्वीकृति दी गई।
चर्चा का जवाब देते हुए राय ने कहा कि ये दोनों विधेयक महिलाओं के उत्थान के प्रति नरेन्द्र मोदी सरकार के संकल्प और प्रतिबद्धता को दिखाते हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले महिलाओं को अवसर नहीं दिया गया, महिलाओं के अधिकारों को छीना गया, उन पर अत्याचार किया गया।
उन्होंने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के एक बयान को लेकर कहा, ‘‘गृह मंत्री (अमित शाह) जी ने कई बार कहा है कि पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर)हमारा है...पीओके के संबंध में हमारी क्या प्रतिबद्धता है, इसे खुली आंखों से देखिएगा तो आपको समझ में आ जाएगा...हमारे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का इरादा नेक और पक्का है।’’
चौधरी ने सदन में गृह मंत्री शाह से सवाल किया था कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को भारत के साथ कब मिलाया जाएगा?
राय के जवाब के बाद सदन ने दोनों विधेयकों को मंजूरी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)