एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | लोकसभा चुनाव : उद्धव पहली बार राजनीतिक दुश्मन से दोस्त बनी कांग्रेस को देंगे वोट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे शायद पहली बार अपने राजनीतिक शत्रु से मित्र बनी कांग्रेस पार्टी को वोट देंगे। यह 2019 के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में आए बदलाव का प्रतिबिंब है, एक ऐसा साल जिसमें राजनीतिक दलों को अपने सहयोगियों को बदलते हुए देखा गया।

देश की खबरें | लोकसभा चुनाव : उद्धव पहली बार राजनीतिक दुश्मन से दोस्त बनी कांग्रेस को देंगे वोट

मुंबई, 26 अप्रैल शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे शायद पहली बार अपने राजनीतिक शत्रु से मित्र बनी कांग्रेस पार्टी को वोट देंगे। यह 2019 के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में आए बदलाव का प्रतिबिंब है, एक ऐसा साल जिसमें राजनीतिक दलों को अपने सहयोगियों को बदलते हुए देखा गया।

विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के घटक दल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अपनी मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ को मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से मैदान में उतारा, यह सीट उस क्षेत्र को कवर करती है जहां उद्धव ठाकरे एक मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री का निवास मातोश्री, वांड्रे (बांद्रा) पूर्व विधानसभा क्षेत्र में है, जो मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

ठाकरे ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं वर्षा गायकवाड़ को वोट देने जा रहा हूं, क्योंकि वह यहां मुंबई उत्तर मध्य से चुनाव लड़ रही हैं।’’

महा विकास आघाडी (एमवीए) के सहयोगियों के बीच हुए सीट-बंटवारे के फॉर्मूले के तहत, कांग्रेस उत्तर मध्य सहित मुंबई की दो लोकसभा सीटों पर जबकि शिवसेना (यूबीटी) चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

अविभाजित शिवसेना और कांग्रेस ने 2019 में महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर रखने के लिए अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन बनाया था, इससे पहले शिवसेना और कांग्रेस राजनीतिक और वैचारिक प्रतिद्वंद्वी थे।

हालांकि, जून 2022 में शिवसेना में विद्रोह के बाद उनकी गठबंधन सरकार गिर गई थी।

मौजूदा कांग्रेस विधायक और राज्य की पूर्व मंत्री गायकवाड़ ने मातोश्री में ठाकरे से मुलाकात की और चुनाव में उनका समर्थन मांगा। यह गायकवाड़ का पहला लोकसभा चुनाव होगा।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में महाराष्ट्र की सात अन्य सीटों के साथ-साथ मुंबई की सभी छह सीटों के लिए 20 मई को मतदान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 26, 2024 09:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).