जल्द समाप्त होगा लॉकडाउन : केजरीवाल ने प्रवासी श्रमिकों से घर नहीं लौटने का आग्रह किया
उन्होंने दिल्ली में रह रहे प्रवासी श्रमिकों से अनुरोध किया कि वे जहां हैं वहीं रहें, उनकी सरकार घर वापसी के लिए ट्रेनों का इंतजाम कर रही है।
नयी दिल्ली, 10 मई मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रवासी श्रमिकों से घर नहीं लौटने का अनुरोध करते हुए कहा कि लॉकडाउन समाप्त होने के बाद हालात बदलेंगे और उन्हें काम मिलने लगेगा।
उन्होंने दिल्ली में रह रहे प्रवासी श्रमिकों से अनुरोध किया कि वे जहां हैं वहीं रहें, उनकी सरकार घर वापसी के लिए ट्रेनों का इंतजाम कर रही है।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘यह लॉकडाउन जल्दी खत्म होने वाला है और सबकुछ वापस पटरी पर आ जाएगा। आपको फिर से काम मिल जाएगा क्योंकि सबकुछ चालू हो जाएगा। कृपया दिल्ली छोड़कर ना जाएं।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार केन्द्र से बात करके घर लौटने के इच्छुक प्रवासी श्रमिकों के लिए ट्रेन का इंतजाम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं सभी से दिल्ली में रुकने की अपील करता हूं। हम आपको, आपके घरों तक पहुंचाने का इंतजाम कर रहे हैं। फिलहाल आपका खुद से दिल्ली छोड़कर जाना आपके और आपके परिवार के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।’’
इसबीच, पंजाब के करीब 150 प्रवासी श्रमिक जो नेहरु विहार स्थित सरकारी केन्द्र में रह रहे थे, उन्होंने आज सुबह अपने प्रदेश के लिए यात्रा शुरू की।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया है, ‘‘नेहरु विहार के सर्वोदय विद्यालय में बनाए गए दिल्ली सरकार के अस्थाई शिविर में रह रहे पंजाब के प्रवासी श्रमिक आज सुबह अपने घर रवाना हुए। हमारी मेडिकल टीम ने उनकी जांच की, उन्हें भोजन, मास्क और सैनिटाइजर भी दिया गया। ईश्वर उनकी यात्रा सफल बनाए।’’
केजरीवाल ने कहा कि प्रवासी मजदूरों को बिना भोजन-पानी के सड़कों पर चलता देखना दुखदायी है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रवासी मजदूर अभी भी सड़कों पर हैं, वे घर जाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कई-कई दिन से खाना नहीं खाया है और कोई अपने-आप उनकी मदद नहीं कर रहा है। वो अपने बच्चों को कंधे पर उठाए हुए हैं। मैंने एक व्यक्ति को अपनी बूढ़ी मां को भी गोद में लिए हुए देखा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2020 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

