लॉकडाउन: पाबंदियों में ढील से और भी वाहन कारखाने चालू
किआ मोटर्स जैसी कुछ वाहन और कल पुर्जा निर्माता कंपनियों ने उत्पादन संयंत्रों, शोरूम खोलने की घोषणा की है।
नयी दिल्ली, 18 मई कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये देशभर में लागू लॉकडाउन की पाबंदियों में ढील के साथ ही उद्योग-धंधे धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगे हैं। देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता मारुति सुजुकी ने सोमवार को अपना गुरुग्राम संयंत्र भी चालू कर दिया ।
किआ मोटर्स जैसी कुछ वाहन और कल पुर्जा निर्माता कंपनियों ने उत्पादन संयंत्रों, शोरूम खोलने की घोषणा की है।
यात्री कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने सोमवार को एक बयान में बताया कि उसने मनेसर संयंत्र के बाद गुरुग्राम स्थित संयंत्र को भी शुरू कर दिया है। कंपनी ने मनेसर संयंत्र को इस महीने की शुरुआत में खोला था, जबकि गुरुग्राम संयंत्र में सोमवार से काम-काज शुरू हुआ है।
कंपनी ने कहा कि उसने पिछले कुछ दिनों में 5,000 से अधिक कारों की डिलिवरी की है। इसके अलावा मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करते हुए कंपनी ने 1,350 से अधिक मारुति सुजुकी शोरूम और 300 से अधिक ट्रू वैल्यू आउटलेट भी शुरू कर दिये हैं।
कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) केनिची आयुकावा ने कहा, "कंपनी ने उपभोक्ताओं के लिये कार खरीदने का अनुभव पूरी तरह से सुरक्षित होना सुनिश्चित करने के लिये व्यापक मानदंड निर्धारित किये हैं। ये मानदंड केंद्र और राज्य सरकारों के दिशानिर्देशों पर आधारित हैं।"
उन्होंने कहा, "हम अपने ग्राहकों को अपनी डिजिटल माध्यम से कार पसंद करने और बुक करने के लिये प्रोत्साहित करने की कोशिश करेंगे। वे वाहनों की होम डिलिवरी की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।"
किआ मोटर्स इंडिया ने भी सोमवार को अलग से एक बयान में कहा कि उसने सुरक्षा उपायों की व्यापक व्यवस्था करने के बाद अनंतपुर स्थित संयंत्र में उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है। कंपनी ने कहा कि सरकारी अधिकारियों से अनिवार्य मंजूरी मिलने के बाद आठ मई से संयंत्र में काम-काज शुरू किया गया है।
किआ मोटर्स इंडिया के एमडी एवं सीईओ कूच्युन शिम ने कहा, "ये अभूतपूर्व परिस्थितियां हैं और हम नये मानदंडों के पालन के लिये प्रतिबद्ध हैं। हम सामान्य स्थिति की ओर बढ़ने पर काम कर रहे हैं।"
कल-पुर्जे बनाने वाली कंपनी प्रिकॉल ने सोमवार को कहा कि उसने आंध्र प्रदेश स्थित संयंत्र में चरणबद्ध तरीके से परिचालन शुरू कर दिया है। उसने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार श्री सिटी संयंत्र का परिचालन शुरू किया गया है।
इसके साथ, अब कंपनी के सभी संयंत्र आंशिक रूप से परिचालन में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

