लॉकडाउन 4 : दिल्ली में पाबंदियों में ढील की योजना का सोमवार को किया जाएगा ऐलान
केजरीवाल ने ट्वीट किया कि उनकी सरकार ने लॉकडाउन की अवधि का इस्तेमाल दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को तैयार करने में किया है ताकि अगर कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी हो तो उससे निपटा जा सके।
नयी दिल्ली, 17 मई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि केंद्र के लॉकडाउन के चौथे चरण को लेकर जारी दिशानिर्देश काफी हद तक दिल्ली सरकार के प्रस्ताव के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पाबंदियों में ढील के संबंध में विस्तृत योजना सोमवार को घोषित की जाएगी।
केजरीवाल ने ट्वीट किया कि उनकी सरकार ने लॉकडाउन की अवधि का इस्तेमाल दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को तैयार करने में किया है ताकि अगर कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी हो तो उससे निपटा जा सके।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘केंद्र के दिशानिर्देश काफी हद तक लाखों दिल्लीवासियों के सुझावों पर आधारित दिल्ली सरकार के प्रस्ताव के अनुरूप हैं। हमने लॉकडाउन की अवधि का उपयोग अपनी स्वास्थ्य प्रणाली को तैयार करने के लिए किया है ताकि अगर कोरोना वायरस के मामले बढ़ें (तो निपटा जा सके), लेकिन यह समय पाबंदियों में कुछ हद तक रियायतों का है।’’
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘दिल्ली सरकार केंद्र के दिशानिर्देशों के आधार पर दिल्ली के लिए विस्तृत योजना तैयार करेगी और इसकी घोषणा कल (सोमवार को) करेगी।’’
इससे पहले एक बयान में दिल्ली सरकार ने कहा था कि चौथे चरण के लॉकडाउन के लिए केंद्र सरकार के दिशानिर्देश अर्थव्यवस्था को खोलने तथा इस बारे में ब्योरा तैयार करने का काम राज्यों पर छोड़ने के लिहाज से सही दिशा में हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘अर्थव्यवस्था के फिर से खुलने पर मामलों में थोड़ी वृद्धि होने की आशंका है और दिल्ली इससे निपटने के लिए तैयार है। हम हमेशा से कहते रहे हैं कि हम सभी को अब कोरोना के साथ जीना सीखना होगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 10:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

