उत्तर तमिलनाडु में हल्की वर्षा, भारी बारिश से चेन्नई व आसपास के इलाकों में भरा पानी
तमिलनाडु के उत्तरी तटीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई, जबकि चेन्नई शहर और आसपास के कई हिस्सों में तेज़ बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात बाधित हुआ और लोगों को परेशानी हुई।
चेन्नई, 30 नवंबर: तमिलनाडु के उत्तरी तटीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई, जबकि चेन्नई शहर और आसपास के कई हिस्सों में तेज़ बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात बाधित हुआ और लोगों को परेशानी हुई.
चेन्नई और उसके उपनगरों में बुधवार को 10 सेंटीमीटर (सेमी) से 19 सेमी तक की भारी वर्षा के बाद, कई रिहायशी इलाकों, मुख्य सड़कों और प्रमुख चौराहे पानी भर गया. राजधानी के कई हिस्सों और आसपास के तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और चेंगलपेट जिलों में यातायात जाम देखा गया.
रात भर बारिश जारी रहने की वजह से स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। साथ ही निचले इलाकों में स्थित कुछ घरों में पानी घुस गया और बिजली भी गुल हो गई. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए बृहद चेन्नई निगम (जीसीसी) में शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। स्टालिन ने जीसीसी के कमान एवं नियंत्रण केंद्र में संपर्क करने वाले लोगों से फोन पर बात भी की और अधिकारियों को तुरंत उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि तिरुवल्लूर में सबसे ज्यादा 19 सेमी बारिश हुई है. चेन्नई और आसपास के जिलों के अलावा, कुड्डालोर और विल्लुपुरम सहित तमिलनाडु के उत्तरी तटीय क्षेत्र के कई अन्य हिस्सों में बारिश हुई. तंजावुर सहित कावेरी डेल्टा क्षेत्रों में बुधवार को दो सेमी से तीन सेमी वर्षा हुई. वर्षा के पानी को निकालने के लिए किए जा रहे काम का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम ने कहा कि बहुत भारी बारिश के बावजूद, 'बड़े पैमाने पर' जलभराव नहीं हुआ.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 30, 2023 05:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

