देश की खबरें | दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी, लोगों को गर्मी से मिली राहत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में बृहस्पतिवार शाम को मौसम अचानक बदल गया और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई और धूल भरी आंधी चली।
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल दिल्ली में बृहस्पतिवार शाम को मौसम अचानक बदल गया और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई और धूल भरी आंधी चली।
राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार शाम को दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, हल्की आंधी, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, रिज और आयानगर स्थित निगरानी स्टेशनों पर बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी की स्थिति दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान क्रमश: 40.9 डिग्री सेल्सियस और 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने बताया कि शहर के सफदरजंग स्थित प्राथमिक मौसम विज्ञान केंद्र ने अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है, जबकि पालम में 39.1 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार सोमवार को राजधानी में मौसम की पहली उष्ण लहर दर्ज की गई, जब पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। यह पिछले तीन वर्षों में अप्रैल का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।
वर्ष 2024 और 2023 दोनों में अप्रैल में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था। अप्रैल 2024 में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2023 में यह 23.6 डिग्री सेल्सियस था।
वर्ष 2022 के अप्रैल में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी के अनुसार, बृहस्पतिवार को राजधानी में आर्द्रता का स्तर दिन के दौरान 55 प्रतिशत से 30 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए आंधी के साथ बारिश का अनुमान जताया है, तथा अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बृहस्पतिवार को शाम चार बजे 256 के साथ 'खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2025 08:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

