देश की खबरें | दिल्ली नगर निगम के चुनाव होने दीजिए: सिसोदिया ने भाजपा को दी चुनौती

नयी दिल्ली,23 मार्च आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिल्ली नगर निगम चुनाव होने देने की चुनौती दी। आप ने दावा किया कि तीनों निगमों के एकीकरण से भाजपा का भाग्य नहीं बदलेगा क्योंकि दिल्ली के लोगों ने भाजपा के 17 वर्ष के ‘भ्रष्टाचार’ के शासन को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा से तीनों निगमों के एकीकरण का ‘‘खेल’’खेलना बंद करने और चुनाव का सामना करने को कहा।

उन्होंने कहा कि अगर चुनाव होते हैं तो भाजपा की करारी हार तय है,क्योंकि दिल्ली की जनता पिछले 17वर्षों में भगवा दल के शासन में निगमों की कार्यप्रणाली से तंग आ चुकी है और इसका कारण है ‘‘बढ़ता भ्रष्टाचार’’ तथा विभिन्न मोर्चों पर विफलता।

सिसोदिया ने भाजपा को अपने संदेश में कहा,‘‘ आप ये एक का तीन,तीन का एक मत करो। चुनाव से भागो मत। हिम्मत है तो जल्दी चुनाव करा कर दिखाओ।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि आप तीनों निगमों के एकीकरण के केन्द्र सरकार के कदम से डरी नहीं है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘ चाहे एक नगर निगम हो या तीन, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। दिल्ली की जनता भगवा दल के शासन में निगमों की कार्यप्रणाली से तंग आ चुकी है और निगम के कर्मचारी भी तंग आ चुके हैं। सभी भाजपा को करारी शिकस्त देने के लिए निगम चुनाव का इंतजार कर रहे हैं।’’

दिल्ली नगर निगम (संशोधन विधेयक) को संसद के मौजूदा बजट सत्र में सदन में पेश किए जाने की संभावना है। यह संशोधन दिल्ली के तीनों नगर निगमों का आपस में विलय करके उन्हें एक बनाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)