देश की खबरें | इंसानी बस्तियों के पास आवाजाही कर रहा तेंदुआ पकड़ा गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दुधवा बाघ अभयारण्य के लखीमपुर खीरी स्थित बफर जोन में इंसानी बस्तियों के पास पिछले काफी समय से आवाजाही कर रहे एक तेंदुए को मंगलवार को दक्षिण निघासन वन क्षेत्र में पकड़ लिया गया।
लखीमपुर खीरी, (उप्र), 26 नवंबर दुधवा बाघ अभयारण्य के लखीमपुर खीरी स्थित बफर जोन में इंसानी बस्तियों के पास पिछले काफी समय से आवाजाही कर रहे एक तेंदुए को मंगलवार को दक्षिण निघासन वन क्षेत्र में पकड़ लिया गया।
दक्षिण निघासन के रेंज अधिकारी गजेंद्र बहादुर सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि काफी समय से एक तेंदुए की मानव बस्तियों के पास आवाजाही की खबरें आ रही थीं जिससे खदरिया फार्म, गोविंदपुर फार्म और बरूही फार्म के निवासियों में दहशत का माहौल था।
उनके मुताबिक, तेंदुए ने दो कुत्तों को मार डाला था। हालांकि उसने किसी इंसान पर हमला नहीं किया था।
सिंह ने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर कैमरों और गश्त के जरिए तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और खदरिया फार्म के पास हाल ही में उसकी लगातार गतिविधियों को देखते हुए एक गन्ने के खेत में पिंजरा रखा गया था और उसमें एक बकरी को चारे के रूप में रखा गया था।
सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह तेंदुआ बकरी को खाने के लिये पिंजरे में दाखिल हुआ, तभी उसे पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए तेंदुए को पशु चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा गहन चिकित्सा जांच के लिए लुधौरी रेंज मुख्यालय ले जाया गया है।
सिंह ने यह भी बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ करीब तीन साल का स्वस्थ नर है।
अधिकारियों के अनुसार, पिछली 13 नवंबर को बफर जोन के अधिकारियों ने मझगईं रेंज से एक नर बाघ को पकड़ा था। उसके बाद 15 नवंबर को उसी मझगईं वन रेंज से एक तेंदुआ पकड़ा गया था। विगत 23 नवंबर को महेशपुर रेंज में दक्षिण खीरी वन अधिकारियों ने एक नर बाघ को पकड़ा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 26, 2024 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

