देश की खबरें | बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि उनकी सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और संकट के समय में ‘‘केवल राजनीति करने’’ के लिए विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला।
शिमला, दो अगस्त हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि उनकी सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और संकट के समय में ‘‘केवल राजनीति करने’’ के लिए विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला।
सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा में राहत और बचाव उपायों को लेकर जुबानी जंग हो रही है। भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार मानसून की शुरुआत से पहले आवश्यक तैयारी करने और लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने में विफल रही और उसके कार्यों पर कई सवाल उठाए।
परवाणू में मंगलवार शाम एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष के सवालों का प्रभावी तरीके से जवाब दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और फंसे हुए पर्यटकों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया। सुक्खू ने विपक्ष पर ऐसे समय में केवल राजनीति करने का आरोप लगाया जब सभी को एकजुट होने की जरूरत है।
बुधवार को यहां जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 75,000 पर्यटकों को निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया और तत्काल राहत की राशि 5,000 रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 24 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से राज्य में बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन और सड़क दुर्घटनाओं जैसी बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक 194 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 34 लोग लापता हैं।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि प्रभावित लोगों को तंबू तक नहीं उपलब्ध कराये गए और राज्य सरकार पहले से आवश्यक व्यवस्था करने में विफल रही है। भूस्खलन के कारण कई सड़कें अब भी बंद हैं, जिससे वाहनों से सेब की ढुलाई में बाधा आ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र से अब तक कोई विशेष अनुदान नहीं मिला है और उन्होंने राज्य को हुए व्यापक नुकसान के मद्देनजर उचित वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।
कसौली विधानसभा क्षेत्र के लोगों की लंबित मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनवरी, 2024 से धर्मपुर में एक जल शक्ति विभाग मंडल (डिवीजन) का संचालन शुरू हो जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)