देश की खबरें | सहयोगियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर नड्डा ने कहा, 'कानून अपना काम करेगा'

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेताओं के एक धड़े से हाथ मिलाने को लेकर उनकी पार्टी की विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचना के बीच सोमवार को कहा कि कानून अपना काम करेगा। राकांपा के इस धड़े के कुछ नेताओं के खिलाफ भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।

नयी दिल्ली, 17 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेताओं के एक धड़े से हाथ मिलाने को लेकर उनकी पार्टी की विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचना के बीच सोमवार को कहा कि कानून अपना काम करेगा। राकांपा के इस धड़े के कुछ नेताओं के खिलाफ भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।

हालांकि, उन्होंने गठबंधन का बचाव करते हुए कहा कि अगर कोई किसी 'आंदोलन' में शामिल होना चाहता है और भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ खड़ा होना चाहता है, तो ‘‘हम एक साथ आगे बढ़ेंगे’’।

उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''हम सभी को (देश के) विकास के लिए एक साथ आना होगा। हर किसी को कानून के दायरे में आगे बढ़ने का अधिकार है।"

नड्डा ने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है जो अपनी विचारधारा पर कायम है और पार्टी के गठन के मूल मुद्दों को आगे बढ़ा रहा है, चाहे वह अनुच्छेद 370 हो या राम मंदिर।

कुछ राकांपा नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर नड्डा ने कहा, "जहां तक भ्रष्टाचार का सवाल है... कानून अपना काम करेगा।"

उन्होंने कहा, "हम देश के कानून, संविधान का सम्मान करते हैं। हम संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। हर किसी को कानून के दायरे में रहते हुए प्रगति का अधिकार है।"

नड्डा ने इस आरोप को भी खारिज किया कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, "अदालत ने किस मामले को गलत बताया है? किस मामले में अदालत ने उन्हें राहत दी? किस मामले में मैंने यह नहीं कहा कि जाओ, अदालत का दरवाजा खटखटाओ और न्याय पाओ? क्या हमने नेशनल हेराल्ड केस दायर किया है? क्या बेटा और मां जमानत पर बाहर नहीं हैं?"

भाजपा प्रमुख ने कहा, "यह एक लोकतांत्रिक देश है और हर किसी को अधिकार है।"

नड्डा ने कहा कि ईडी सहित केंद्रीय जांच एजेंसियां 'स्वतंत्र' हैं।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ''जब आपका तर्क उचित नहीं होता तो आप ‘विक्टिम कार्ड’ खेलना शुरू कर देते हैं और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं।"

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी दल हारने पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर सवाल उठाते हैं लेकिन जीतने पर चुप रहते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\