देश की खबरें | झारखंड में आदिवासियों की भूमि को घुसपैठियों को हस्तांतरित करने से रोकने के लिए कानून लाया जाएगा: शाह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को झारखंड में झामुमो नीत सरकार पर ‘‘वोट बैंक की राजनीति के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने’’ का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया और कहा कि यदि राज्य में उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वह आदिवासियों की जमीन को अवैध प्रवासियों को हस्तांतरित होने से रोकने के लिए कड़ा कानून लाएगी।
रांची, तीन नवंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को झारखंड में झामुमो नीत सरकार पर ‘‘वोट बैंक की राजनीति के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने’’ का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया और कहा कि यदि राज्य में उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वह आदिवासियों की जमीन को अवैध प्रवासियों को हस्तांतरित होने से रोकने के लिए कड़ा कानून लाएगी।
पूर्वी सिंहभूम जिले में घाटशिला के धालभूमगढ़ में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने दावा किया कि राज्य में आदिवासी आबादी घट रही है, क्योंकि हेमंत सोरेन सरकार ‘‘बांग्लादेशी घुसपैठियों को अपना वोट बैंक’’ मानती है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण झारखंड में, विशेषकर संथाल परगना और कोल्हान क्षेत्रों में आदिवासी आबादी में भारी गिरावट आ रही है। झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन राजनीतिक फायदे के लिए इसे बढ़ावा दे रहा है।’’
शाह ने कहा, ‘‘हमारी ‘माटी, बेटी, रोटी’ पर हमला हो रहा है। भाजपा इसे जारी नहीं रहने देगी...हम आदिवासियों की जमीन को घुसपैठियों को हस्तांतरित होने से रोकने के लिए सख्त कानून लाएंगे। हम उनके द्वारा हड़पी गई जमीन भी वापस ले लेंगे और उन्हें बाहर निकाल देंगे।’’
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने नक्सलवाद का समर्थन किया जबकि केंद्र की भाजपा सरकार ने इसका सफाया कर दिया।
उन्होंने यह भी वादा किया कि भाजपा झारखंड में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करेगी जबकि अन्य के आरक्षण पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए लड़ा जाएगा ताकि भ्रष्ट झामुमो को गरीब आदिवासियों के लिए निर्धारित धन हड़पने से रोका जा सके।’’
शाह ने वादा किया कि भाजपा अगले पांच वर्षों में झारखंड से पलायन रोक देगी। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही राज्य का विकास सुनिश्चित कर सकती है।
उन्होंने कहा कि संप्रग की तत्कालीन सरकार के दौरान आदिवासी कल्याण बजट के लिए आवंटन मुश्किल से 24,000 करोड़ रुपये था जबकि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे बढ़ाकर 1.24 लाख करोड़ रुपये कर दिया है।
शाह ने यह भी घोषणा की कि सत्ता में आने पर भाजपा 51 वनोपजों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद करेगी और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी जिसका भुगतान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जायेगा।
उन्होंने लोगों से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, जो सरायकेला से चुनाव लड़ रहे हैं, उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला से और दिनेशानंद गोस्वामी को बहरागोड़ा सीट से वोट देने का आग्रह किया।
राज्य में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 03, 2024 03:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

