खेल की खबरें | लाकड़ा तोक्यो ओलंपिक की भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए बेताब
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. डिफेंडर बिरेंद्र लाकड़ा तोक्यो ओलंपिक की भारतीय हॉकी टीम में जगह बनाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं और मौका मिलने पर इसका पूरा फायदा उठाना चाहते हैं।
बेंगलुरू, एक जून डिफेंडर बिरेंद्र लाकड़ा तोक्यो ओलंपिक की भारतीय हॉकी टीम में जगह बनाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं और मौका मिलने पर इसका पूरा फायदा उठाना चाहते हैं।
भारत के लिए 196 मुकाबले खेलने वाले लाकड़ा घुटने में चोट के कारण रियो ओलंपिक में नहीं खेल पाए थे।
प्रेस विज्ञप्ति में लाकड़ा के हवाले से कहा गया, ‘‘2016 में समय काफी मुश्किल था जब मैं रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के मौके से चूक गए। उबरने के बाद मेरा एकमात्र लक्ष्य सुनिश्चित करना था कि मैं फिट और तोक्यो ओलंपिक के लिए पूरी तरह से तैयार रहूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले पांच साल में मैंने अपने खेल पर काफी मेहनत की है और मैं तोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। मैं सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा हूं कि अभ्यास के दौरान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं और प्रत्येक ट्रेनिंग सत्र में अपना शत प्रतिशत योगदान दूं।’’
इस डिफेंडर ने कहा कि भारतीय टीम की बेंच स्ट्रैंथ इस समय इतनी मजबूत है कि कोई भी खिलाड़ी टीम में अपनी जगह पक्की नहीं मान सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि मैं भारतीय टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हूं लेकिन टीम में मेरी जगह पक्की नहीं है। प्रत्येक स्थान के लिए काफी प्रतिस्पर्धा है और इसके कारण हम सभी कभी ढिलाई नहीं बरतते।’’
लाकड़ा ने कहा कि हाल में अर्जेन्टीना के दौरे से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक इकाई के रूप में हम काफी अच्छा खेले और दौरे से काफी सकारात्मक पक्ष रहे। हमने उन चीजों की पहचान की जिन पर दौरे के बाद हमें काम करने की जरूरत थी और हम साइ केंद्र में फिलहाल इन्हीं पर काम कर रहे हैं। ओलंपिक शुरू होने तक मुझे लगता है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार रहेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2021 01:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

