देश की खबरें | लद्दाख: संसदीय समिति ने शिक्षा योजनाओं की समीक्षा के लिए विद्यालयों और संस्थानों का दौरा किया

लेह/जम्मू, 18 जुलाई संसद की एक स्थायी समिति ने शैक्षणिक योजनाओं की समीक्षा के लिए लद्दाख के विद्यालयों और अन्य संस्थानों का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि समिति के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में समिति ने केंद्र शासित प्रदेश में स्कूली शिक्षा को बढ़ावा देने वाली विभिन्न योजनाओं का आकलन करने और उन्हें समझने के लिए लेह में अपना दो दिवसीय अध्ययन दौरा शुरू किया।

यह यात्रा लद्दाख में स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की योजनाओं पर एक विस्तृत प्रस्तुति के साथ शुरू हुई और शीर्ष अधिकारियों ने संयुक्त रूप से समिति को लद्दाख के शिक्षा क्षेत्र में प्रगति, नीतियों और चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।

बाद में, संसदीय प्रतिनिधिमंडल का ‘द्रुक पद्मा कार्पो स्कूल’ में गर्मजोशी से पारंपरिक स्वागत किया गया, जहां प्रधानाचार्य मिंग्युर आंग्मो ने स्कूल के अनूठे शैक्षिक दृष्टिकोण और द्रुकपा वंश से इसके ऐतिहासिक संबंध का परिचय दिया।

समिति ने ‘स्टूडेंट एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख’ और ‘हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स लद्दाख’ सहित अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थानों का भी दौरा किया।

समिति ने संगम नदी स्थल, ‘हॉल ऑफ फेम’ और लेह पैलेस का भी दौरा किया, जहां उनके लिए एक लाइट शो का आयोजन किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)