Karnataka: रास चुनाव के लिए पेशकश कर रहे कुमारस्वामी, विधायकों को धमका रहे हैं : शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सोमवार को दावा किया कि उन्हें “सूचना” मिली है कि जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच. डी. कुमारस्वामी 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव में राज्य के कांग्रेस विधायकों के वोट खरीदने के लिए उन्हें पेशकश कर रहे हैं।
बेंगलुरु, 19 फरवरी : कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सोमवार को दावा किया कि उन्हें “सूचना” मिली है कि जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच. डी. कुमारस्वामी 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव में राज्य के कांग्रेस विधायकों के वोट खरीदने के लिए उन्हें पेशकश कर रहे हैं. कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा-जद(एस) गठबंधन द्वारा दूसरा उम्मीदवार उतारे जाने से सियासी माहौल गर्मा गया है.हालांकि संख्या बल के हिसाब से गठबंधन चार में से केवल एक सीट पर जीत हासिल कर सकता है.
कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रमुख शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''हम जानते हैं कि एचडी कुमारस्वामी किसे फोन कर रहे हैं, क्या बोल रहे हैं और क्या पेशकश कर रहे हैं. हमारे विधायकों ने हमें सारी जानकारी दी है. हम भाजपा की रणनीति से परिचित हैं.” यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्षी दल ‘क्रॉस वोटिंग’ की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “क्या उन्होंने (भाजपा) बिना किसी कारण के उम्मीदवार खड़ा किया है? उन्होंने अपनी ताकत आजमाने के लिए उम्मीदवार को मैदान में उतारा है. देखते हैं 27 फरवरी (मतदान के दिन) को कौन किसे वोट देता है.”
शिवकुमार ने कहा, "उन्होंने (कुमारस्वामी) बात की है, (कांग्रेस विधायकों को) ऑफर दिए हैं, वे (विधायक) आए और मुझे बताया. उन्होंने उन्हें धमकी दी थी. मुझे इसकी जानकारी है. मैं अब इस बारे में कोई बात नहीं करूंगा." पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा की पार्टी जद (एस) पिछले साल भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हुई थी.
राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस के 135 सदस्य हैं. पार्टी को सर्वोदया कर्नाटक पक्ष के दर्शन पुत्तनियाह के साथ-साथ दो निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी प्राप्त है जिनके बल पर वह तीन सीट पर जीत हासिल कर सकती है. वहीं, भाजपा और जद(एस) के क्रमश: 66 और 19 सदस्य हैं और वे केवल एक सीट जीतने की स्थिति में है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 19, 2024 06:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

