एजेंसी न्यूज

विधायकों की बैठक बुलाकर कुमारस्वामी ने कांग्रेस को दिया संदेश, दल-बदल की खबरों को खारिज किया

जनता दल (सेक्यूलर), कर्नाटक के अध्यक्ष एच.डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को पार्टी के विधायकों पर भरोसा जताया और कहा कि उनमें से कोई भी कांग्रेस में नहीं जाएगा, जैसा कि राज्य में सत्तारूढ़ दल ने दावा किया है.

विधायकों की बैठक बुलाकर कुमारस्वामी ने कांग्रेस को दिया संदेश, दल-बदल की खबरों को खारिज किया
HD Kumaraswamy (Photo Credit: ANI)

हासन (कर्नाटक), 8 नवंबर : जनता दल (सेक्यूलर), कर्नाटक के अध्यक्ष एच.डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को पार्टी के विधायकों पर भरोसा जताया और कहा कि उनमें से कोई भी कांग्रेस में नहीं जाएगा, जैसा कि राज्य में सत्तारूढ़ दल ने दावा किया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाने का आरोप लगाने वाले राज्य के सत्तारूढ़ दल पर उसे ‘दोहराने’ को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सहित कांग्रेस के नेता भाजपा और जद(एस) विधायकों और नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बारे में खुलेआम दावे कर रहे हैं. जद (एस) नेतृत्व ने एकता का संदेश देने के लिए कल इस जिला मुख्यालय शहर में अपने विधायकों और पार्टी नेताओं की एक बैठक बुलाई. यह बैठक उन खबरों के बीच हुई कि उसके कई विधायक कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे.

सभी विधायक यहां के प्रसिद्ध हसनांबा मंदिर भी गए और पूजा-अर्चना की. कुमारस्वामी ने कहा, “कल की बैठक में 19 विधायकों में से 18 विधायक शामिल हुए हैं. 19वें विधायक - जो नहीं आए हैं - शरणगौड़ा कंदाकुर (गुरमिटकल विधायक) हमारे घर के बेटे की तरह हैं. वह थोड़ा असमंजस में है. चीजें ठीक हो जाएंगी, यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है.” उन्होंने कहा, पार्टी में ऐसा कोई नहीं है जो असंतुष्ट हो और “कांग्रेस सरकार के प्रलोभनों का शिकार होकर” पार्टी छोड़ना चाहता हो. यह भी पढ़ें : लोकपाल ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ सीबीआई जांच का आदेश दिया: दुबे

उन्होंने कहा, “(जेडीएस विधायकों के) निर्वाचन क्षेत्रों में विकास का समर्थन न करने वाली इस सरकार की नफरत की राजनीति के बावजूद, हमारा कोई भी विधायक कांग्रेस के दबाव में पार्टी नहीं छोड़ेगा.” भारतीय जनता पार्टी के साथ जद (एस) के गठबंधन से नाखुश कंदाकुर ने हालांकि बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह पार्टी की बैठक में शामिल नहीं हुए क्योंकि उन्हें बेंगलुरु में एक “समिति की बैठक” में भाग लेना था. उन्होंने कहा कि उन्होंने भाग लेने में असमर्थता के बारे में पार्टी को “सूचित नहीं” किया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 08, 2023 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).