Kullu Bus Accident: प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपए देने की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुए बस हादसे को हृदयविदारक बताया और इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.
नयी दिल्ली, 4 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुए बस हादसे को हृदयविदारक बताया और इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुल्लू जिले में एक निजी बस के खड्ड में गिर जाने से कुछ स्कूली बच्चों समेत 16 लोगों की मौत हो गई. प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुआ बस हादसा हृदयविदारक है. मैं दुख की इस घड़ी में शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन दुर्घटना पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया करा रहा है.’’ प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक अन्य ट्वीट में बताया कि प्रधानमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की मंजूरी दी है. उसने बताया कि घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे. यह भी पढ़ें : Eknath Shinde Wins Trust Vote: शिंदे-BJP गठबंधन ने हासिल किया बहुमत, 164 विधायकों ने किया समर्थन
कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि सैंज जा रही बस जंगला गांव के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे खड्ड में गिर गई.
उन्होंने बताया कि जिले के अधिकारी तथा बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और घायलों को नजदीक स्थित एक अस्पताल ले जाया जा रहा है. घटना संबंधी विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2022 11:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

