खेल की खबरें | कुलदीप, सिराज ने श्रीलंका को 215 रन पर समेटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज की धारदार गेंदबाजी से भारत ने गुरुवार को यहां दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को 40 ओवर के भीतर 215 रन पर समेट दिया।
कोलकाता, 12 जनवरी कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज की धारदार गेंदबाजी से भारत ने गुरुवार को यहां दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को 40 ओवर के भीतर 215 रन पर समेट दिया।
भारतीय टीम से अंदर-बाहर होते रहे बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप ने 51 जबकि सिराज ने 30 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए। उमरान मलिक ने भी 48 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज नुवानिदु फर्नांडो (50) और कुसाल मेंडिस (34) की पारियों से एक समय श्रीलंका की टीम एक विकेट पर 102 रन बनाकर अच्छी स्थिति में होने के बावजूद 39.4 ओवर में आउट हो गई।
पिछले महीने बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में पहले टेस्ट वापसी करते हुए पारी में पांच विकेट चटकाने के बावजूद कुलदीप को अगले टेस्ट की अंतिम एकादश से बाहर कर दिया गया था। उन्हें लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के दाएं कंधे में सूजन के कारण बाहर होने पर गुरुवार को अंतिम एकादश में मौका दिया गया।
कुलदीप ने श्रीलंका के मध्य क्रम को ध्वस्त किया। उन्होंने पिछले मैच में नाबाद शतक जड़ने वाले श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका (02) को भी बोल्ड किया। मेहमान टीम ने बीच में 43 गेंद में पांच विकेट गंवाए जिससे सपाट पिच पर बड़ा स्कोर खड़ा करने की उसकी उम्मीद टूट गई।
पीठ में जकड़न के कारण फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका के बाहर होने पर पारी का आगाज करने वाले नुवानिदु अच्छी लय में दिखे और उन्होंने मेंडिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद भारत के नई गेंद के गेंदबाजों मोहम्मद शमी और सिराज ने गेंद को दोनों ओवर स्विंग कराया।
सिराज ने छठे ओवर में अंदर आती गेंद पर अविष्का फर्नांडो (20) को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई। इससे पहले फर्नांडो ने सिराज पर लगातार तीन चौके मारे थे।
नुवानिदु और मेंडिस ने इसके बाद स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। कुलदीप ने मेंडिस को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि एक गेंद बाद अक्षर पटेल ने धनंजय डिसिल्वा (00) को बोल्ड किया।
नुवानिदु अर्धशतक पूरा करने के बाद शुभमन गिल के शानदार क्षेत्ररक्षण का शिकार होकर रन आउट हुए।
कुलदीप ने इसके बाद शनाका और चरित असलंका (15) को आउट करके श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 102 रन से छह विकेट पर 126 रन किया।
दुनिथ वेलालागे (32) और वानिंदु हसरंगा (21) ने निचले क्रम में उपयोगी पारियां खेलकर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 12, 2023 05:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

