देश की खबरें | चंडीगढ़ में कोविड पाबंदियां नौ जून तक के लिए बढ़ायी गयीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चंडीगढ़ प्रशासन ने सोमवार को कोरोना वायरस के चलते लगायी गयी पाबंदियां नौ जून सुबह तक के लिए बढ़ा दीं लेकिन नाई की दुकानों एवं सैलून खोलने जैसी ढील दी गयी है।
चंडीगढ़, 31 मई चंडीगढ़ प्रशासन ने सोमवार को कोरोना वायरस के चलते लगायी गयी पाबंदियां नौ जून सुबह तक के लिए बढ़ा दीं लेकिन नाई की दुकानों एवं सैलून खोलने जैसी ढील दी गयी है।
साथ ही दुकानों के खुलने की अवधि एक घंटे बढ़ा दी। अब सभी दुकानों को सुबह नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक खुले रखने की अनुमति होगी। पहले उन्हें तीन बजे तक ही खुले रखने की अनुमति थी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ विस्तृत चर्चा के बाद तय किया गया कि वर्तमान पाबंदियां नौ जून 2021 सुबह छह बजे तक जारी रहेंगी।’’
चंडीगढ़ के प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल वी पी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में कोविड-19 की एक समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार सभी खेल सुविधाएं खिलाड़ियां के लिए खुलेंगी जो कोविड नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए इन ढांचों का उपयोग करेंगे। हालांकि स्वीमिंग पुल और जिम बंद ही रहेंगे।
प्रशासन ने नाई की दुकानों और सैलूल को भी खुलने की अनुमति दी है। स्पा और मसाज केंद्र बंद रहेंगे।
शहर में शाम छह बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। सप्ताहांत कर्फ्यू शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार पांच बजे तक जारी रहेगा।
शहर में पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 के नये मामले घट रहे हैं।
समीक्षा बैठक में प्रशासक ने उन बच्चों की स्थिति पर दुख जताया जिनके माता-पिता की कोविड-19 संक्रमण के चलते मृत्यु हो गयी।
उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की स्कूल फीस माफ कर दी जाए और यदि किसी बच्चे को प्रशासन के कल्याण आश्रम में ठहराने की आवश्यकता हो तो उसे यह सुविधा मुफ्त में दी जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)