नोएडा के अस्पताल में कोविड-19 वार्ड के कर्मियों ने पीपीई की कमी का लगाया आरोप, डीएम ने दिया आश्वासन
जमात

नोएडा (उप्र), 30 अप्रैल कोविड-19 के मरीजों का उपचार कर रहे नोएडा के एक सरकारी अस्पताल में करीब 12 सफाईकर्मियों ने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की कमी का आरोप लगाया और जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

कर्मियों ने जिला मजिस्ट्रेट सुहास एल वाई के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने सफाईकर्मियों को सुरक्षा किट मुहैया कराए जाने का आश्वासन दिया।

सफाई कर्मी नीरज कुमार ने कहा, ‘‘जिला अस्पताल में हमारा शोषण किया जा रहा है। हमारे लिए कोई सुविधा नहीं है। वे किट (सुरक्षा उपकरण) के नाम पर हमें प्लास्टिक देते हैं और हमसे कोविड-19 के मरीजों वाले वार्ड में काम करने को कहते हैं।’’

कुमार ने कहा, ‘‘अधिकारी हमसे कहते हैं कि काम करना है तो करो, नहीं तो चले जाओ।’’

सुहास ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को इन ‘‘कोरोना योद्धाओं’’ को पीपीई मुहैया कराने का आदेश दिया गया है। उन्होंने वेतन बढ़ाए जाने की उनकी मांग राज्य सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस से 138 लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें से 88 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)