कोविड-19: देश में संक्रमण के मामले 62,000 के पार, मृतकों की संख्या भी दो हजार से ज्यादा हुई
जमात

नयी दिल्ली, नौ मई देश में कोविड-19 के संक्रमण के मामलों की संख्या शनिवार को 62,000 के आंकड़े को पार कर गई जबकि महामारी के कारण मरने वालों की संख्या भी 2,000 से ज्यादा हो गई है।

राज्यों में कोरोना वायरस संक्रमण के सामने आ रहे सैकड़ों मामलों और वैश्विक स्तर पर लॉकडाउन में ढील देने वाली अर्थव्यवस्थाओं में संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सरकारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

भारत सरकार द्वारा विदेशों में फंसे भारतीयों की वापसी के लिये चलाए गए व्यापक अभियान के बीच विदेश से सात मई को केरल लौटे दो लोगों के संक्रमित मिलने से चिंता बढ़ रही हैं। ये दोनों लोग दुबई और अबुधाबी से अलग-अलग उड़ानों से भारत आए थे।

महाराष्ट्र, गुजरात,तमिलनाडु और दिल्ली समेत कई अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में बढ़ते मामलों के बीच विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि बड़ी संख्या में ट्रेनों और बसों से पैतृक स्थानों के लिये भेजे जा रहे प्रवासियों के आवागमन तथा विशेष उड़ानों से विदेशों से लाए जा रहे भारतीयों की वजह से आने वाले दिनों में संक्रमण के मामलों में और बढ़ोतरी होगी।

देश में कोरोना वायरस के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर शनिवार को 1,981 हो गई और संक्रमितों की संख्या 59,662 पर पहुंच गई। शनिवार की सुबह पिछले 24 घंटों में इस वायरस के कारण 95 लोगों की मौत हुई है और 3,320 नए मामले सामने आए है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 39,834 लोगों का उपचार चल रहा है जबकि 17,846 लोग स्वस्थ हो गए हैं और एक मरीज विदेश चला गया है।

हालांकि पीटीआई- की तालिका के मुताबिक रात नौ बजे तक विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों से देश भर में संक्रमण के 62,613 मामले सामने आ चुके है, 18,715 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 2016 लोगों की इस बीमारी से जान जा चुकी है। यह शुक्रवार सुबह से संक्रमण के मामलों में छह हजार की बढ़ोतरी दर्शाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)