कोविड-19 : न्यूयॉर्क में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को हर रात संक्रमण मुक्त किया जाएगा
24 घंटे सेवा देने वाली अमेरिकी की इस सबसे विशाल परिवहन प्रणाली को रोजाना देर रात एक बजे से सुबह पांच बजे तक के लिए बंद करके संक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत भूमिगत यातायात मार्ग के साथ ही यात्री ट्रेनों और बसों को भी संक्रमण मुक्त किया जाएगा।
न्यूयॉर्क, एक मई घातक कोरोना वायरस के प्रसार की रोकथाम के तहत अभूतपूर्व कदम उठाते हुए न्यूयॉर्क शहर ने सार्वजनिक परिवहन को रोजाना संक्रमण मुक्त करने की तैयारी की है।
24 घंटे सेवा देने वाली अमेरिकी की इस सबसे विशाल परिवहन प्रणाली को रोजाना देर रात एक बजे से सुबह पांच बजे तक के लिए बंद करके संक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत भूमिगत यातायात मार्ग के साथ ही यात्री ट्रेनों और बसों को भी संक्रमण मुक्त किया जाएगा।
अमेरिका में न्यूयॉर्क कोरोना वायरस का केंद्र साबित हुआ है। इस राज्य में संक्रमण के 300,000 से अधिक मामले हैं जबकि 23,600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, धीरे-धीरे अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है।
न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने बृहस्पतिवार को अपनी दैनिक प्रेसवार्ता में कहा, '' महानगर परिवहन प्राधिकरण (एमटीए) एक बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य करने जा रहा है। इसके लिए एमटीए, राज्य, शहर और सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है। आपको स्टेशन बंद करने पड़ेंगे, आपको सुनिश्चित करना होगा कि लोग अंदर ना जाएं, इसके बाद आपको इस पर काम करना होगा कि किस तरह सभी ट्रेनों और स्टेशनों को साफ किया जाए।''
क्यूमो और मेयर बिल डे ब्लासियो ने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने के मद्देनजर एमटीए रोजाना उत्तरी मेट्रो और लांग आइलैंड रेलरोड समेत न्यूयॉर्क शहर की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को संक्रमण मुक्त करेगा।
उन्होंने कहा कि बेहद व्यस्त रहने वाली यहां की परिवहन प्रणाली में पहले ही 92 फीसदी की कमी देखी जा रही है।
क्यूमो ने कहा कि देर रात एक बजे से सुबह पांच बजे के बीच भीड़ बेहद कम रहती है, ऐसे में संक्रमण मुक्त करने के लिए यह सबसे बेहतर समय अवधि रहेगी।
उन्होंने कहा कि पूरी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को हर 24 घंटे में संक्रमण मुक्त किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 03:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

