कोविड-19 की जांच बढ़ कर प्रतिदिन 95,000 हुई : हर्षवर्धन
स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्वोत्तर के राज्यों में कोविड-19 स्थिति और इसके प्रसार को रोकने के लिये उठाये गये कदमों की समीक्षा की।
नयी दिल्ली, नौ मई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शनिवार को कहा कि कोविड-19 की जांच का आंकड़ा बढ़ कर प्रतिदिन लगभग 95,000 हो गया है, जबकि 332 सरकारी और 121 निजी प्रयोगशालाओं में अब तक कुल 15 लाख 25 हजार 631 जांच हुई हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्वोत्तर के राज्यों में कोविड-19 स्थिति और इसके प्रसार को रोकने के लिये उठाये गये कदमों की समीक्षा की।
एक बयान के मुताबिक उन्होंने चबाने वाले तंबाकू का उपयोग रोकने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने को निषिद्ध करने के लिये ठोस कदम उठाये जाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी।
अरूणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में हर्षवर्धन ने कोविड-19 से निपटने में सभी राज्यों के समर्पण की सराहना की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के आठ राज्यों में करीब 194 मामले हैं।
उन्होंने बैठक के दौरान कहा, ‘‘समूचे पूर्वोत्तर के 119 जिलों में 22 जिले प्रभावित हैं। पूरे पूर्वोत्तर में 16 सरकारी प्रयोगशालाएं हैं और क्षेत्र में अब तक 27, 558 जांच हुई हैं।’’
हर्षवर्धन ने कहा कि सिक्किम और नगालैंड कोविड-19 से अब तक अप्रभावित बने हुए हैं।
बयान में हर्षवर्धन के हवाले से कहा गया है, ‘‘यह एक बड़ी राहत है और यह देखना बहुत सुखद है कि पूर्वोत्तर के ज्यादातर राज्यों में ‘ग्रीन जोन’ हैं। आज की तारीख में सिर्फ असम और त्रिपुरा में ही कोविड-19 के मामले रह गये हैं। अन्य सभी राज्य ग्रीन जोन में हैं। आइए हम ध्यान केंद्रित करें और ‘ऑरेंज जोन’ को ग्रीन जोन में तब्दील करने के लिये साथ मिल कर काम करें।’’
बयान में कहा गया है कि असम में 33 जिलों में 14 जिले कोविड-19 से प्रभावित हैं।
इसमें कहा गया है, ‘‘यह सब तबलीगी जमात के (दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में मार्च में हुए धार्मिक कार्यक्रम के) चलते देश भर में फैला।’’
उन्होंने कुछ राज्यों में चबाने वाले तंबाकू का काफी मात्रा में उपभोग होने और सार्वजनिक स्थानों पर थूके जाने की समस्या के प्रति भी आगाह किया।
हर्षवर्धन ने चबाने वाले तंबाकू के उपयोग को प्रतिबंधित करने वाले राज्यों की कोशिशों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘इस दिशा में कठोर कदम उठाये जाने की जरूरत है।’’
स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड-19 की जांच के बारे में कहा, ‘‘देश में जांच बढ़ गई है और 332 सरकारी एवं 121 निजी प्रयोगशालाओं की बदौलत यह प्रतिदिन 95,000 हो गई है। अभी तक कोविड-19 की 15 लाख 25 हजार 631 जांच हुई हैं।’’
शनिवार सुबह आठ बजे तक त्रिपुरा में 118, असम में 59, मेघालय में 12, मणिपुर में दो जबकि मिजोरम और अरूणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक-एक मामले सामने आये हैं।
मेघालय और असम में अभी तक एक-एक मरीज की मौत हुई है।
बयान में कहा गया है कि जिन राज्यों की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं हैं, उन्हें सीमावर्ती इलाकों में प्रवेश स्थानों पर सभी लोगों की निगरानी के लिये उपयुक्त कदम उठाने की जरूरत है।
इसमें कहा गया है कि कोविड-19 देखभाल के अतिरिक्त गैर कोविड-19 स्वास्थ्य सेवाएं भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं तथा उनकी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 08:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

