कोविड-19: बंद का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस ले रही ड्रोन का सहारा
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘मौजूदा समय में इस उद्देश्य के लिए तीन ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है। हम भीड़भाड़ वाले इलाकों खास तौर पर बाजार पर नजर रख रहे हैं, जहां लोग बंद का उल्लंघन करके जमा होते हैं।’’
कोलकाता, 13 अप्रैल कोलकाता में कोरोना वायरस के मद्देनजर लोगों की आवाजाही और जमावड़े की निगरानी के लिए पुलिस ड्रोन का सहारा ले रही है। अधिकारियों ने बताया कि शहर के उत्तरी क्षेत्र हाटीबागान और श्यामाबाजर तथा मध्य कोलकाता के बड़ा बाजार और न्यू मार्केट वाले सघन क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है ताकि वीडियो रिकॉर्ड करके बेहतर तरीके से बंद लागू करने में पुलिस की सहायता हो सके।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘मौजूदा समय में इस उद्देश्य के लिए तीन ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है। हम भीड़भाड़ वाले इलाकों खास तौर पर बाजार पर नजर रख रहे हैं, जहां लोग बंद का उल्लंघन करके जमा होते हैं।’’
उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में और भी ड्रोनों का सहारा इस उद्देश्य के लिए लिया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ लोगों को यह समझना होगा कि अभी जमावड़ा क्यों बंद है। ऐसा नहीं होगा तो कोरोना वायरस से लड़ना मुश्किल होगा। कोलकाता सघन क्षेत्र है और हमें यह सुनिश्चित करना है कि लोग सामाजिक दूरी को बनाए रखें।’’
अधिकारी ने बताया कि किसी को भी बिना मास्क पहने बाहर जाने की अनुमित नहीं होगी और नियम का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया, ‘‘ ड्रोन से फुटेज जैसे ही मिलेगा, हम इसे स्थानीय पुलिस थाने के अधिकारियों को देंगे ताकि यह यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोग आदेश का पालन करें। सरकारी नियम का पालन करते हुए, हम किसी को भी बिना मास्क के घर से बाहर निकलने नहीं देंगे।’’
राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसी बीच पुलिस ने आपात स्थिति में फोन करने पर टैक्सी सेवा भी शुरू की है। पश्चिम बंगाल में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के 122 मामले सामने आए है जिनमें से सात लोगों की मौत हुई और 22 लोग इससे मुक्त हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2020 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

