कोविड19: प्रधानमंत्री ने 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की, आत्मनिर्भर पर जोर
उन्होंने अर्थव्यवस्था को गति देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिये व्यापक स्तर पर सुधारों को आगे बढ़ाने का भी जिक्र किया।
नयी दिल्ली, 12 मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कोरोना वायरस महामारी और उसकी रोकथाम के लिये जारी ‘लॉकडाउन’ के प्रभाव से अर्थव्यवस्था को उबारने के लिये 20 लाख करोड़ रुपये के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की।
उन्होंने अर्थव्यवस्था को गति देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिये व्यापक स्तर पर सुधारों को आगे बढ़ाने का भी जिक्र किया।
देश के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘लॉकडाउन’ आगे भी जारी रहने की बात कही लेकिन यह साफ किया कि उसमें ‘‘हम सतर्कता बरतते हुए अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ेंगे।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के चौथे चरण की जानकारी 18 मई से पहले दे दी जायेगी। यह पहले के लॉकडाउन से अलग होगा।
लॉकडाउन की तीसरा चरण 17 मई को समाप्त होगा।
वित्तीय पैकेज के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘सरकार के हाल के निर्णय, रिजर्व बैंक की घोषणाओं को मिलाकर यह पैकेज करीब 20 लाख करोड़ रुपये का होगा जो देश के सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 10 प्रतिशत है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक पैकेज श्रमिकों, किसानों, ईमानदार करदाताओं सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों और कुटीर उद्योगों के लिये होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पैकेज के बारे में विस्तृत ब्योरा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल से अगले कुछ दिनों तक देंगी।
उन्होंने कहा कि देश का लक्ष्य आत्म निर्भर बनना है और उन्होंने इसके लिये अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचा को महत्वूपर्ण बताया।
स्थानीय उत्पादों के विनिर्माण को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए उन्होंने लोगों से ‘लोकल पर वोकल बनने’ यानी स्थानीय उत्पादों को महत्व देने और उनकी मांग बढ़ाने के साथ ही उनका प्रचार करने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने देश को आगे बढ़ने के लिये ‘साहिसक’ सुधारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘ये सुधार खेती से जुड़ी पूरी आपूर्ति श्रृंखला, कर प्रणाली को युक्तिसंगत बनाने, नियम-कानून को सरल और स्पष्ट बनाने, बुनियादी ढांचा को गति देने ओर व्यापार तथा निवेश को प्रोत्साहित करने वाले होंगे...।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 10:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

