कोविड-19 : इंदौर में संक्रमितों की संख्या 2,470 पर पहुंची, अब तक 100 मरीजों की मौत
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने रविवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 मई देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान 92 नये मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही, जिले में महामारी के मरीजों की तादाद 2,378 से बढ़कर 2,470 पर पहुंच गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने यह भी बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये 46 वर्षीय पुरुष की यहां एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी। इसके बाद जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 100 पर पहुंच गयी है।
रेड जोन में शामिल जिले में रविवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.05 प्रतिशत दर्ज की गयी। पिछले 22 दिन से जिले में यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है।
प्रदेश सरकार के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इलाज के बाद जिले के 1,119 मरीज इस बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं।
इंदौर जिले में कोरोना वायरस के प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई थी। प्रशासन ने इंदौर की शहरी सीमा में 25 मार्च से कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।
हर्ष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 09:09 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

