देश की खबरें | कोविड-19 : देश में संक्रमित लोगों में से 79 प्रतिशत से अधिक मामले पांच राज्यों में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में कोविड-19 का अब भी इलाज करा रहे लोगों में से 79 प्रतिशत से अधिक मामले पांच राज्यों में हैं जिनमें से 61 प्रतिशत से अधिक संक्रमित लोग अकेले महाराष्ट्र में हैं।
नयी दिल्ली, 31 मार्च देश में कोविड-19 का अब भी इलाज करा रहे लोगों में से 79 प्रतिशत से अधिक मामले पांच राज्यों में हैं जिनमें से 61 प्रतिशत से अधिक संक्रमित लोग अकेले महाराष्ट्र में हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र के अलावा कर्नाटक, केरल, पंजाब और छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के अधिक मामले हैं।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘देश में कोविड-19 का इलाज करा रहे मरीजों में से 79.30 प्रतिशत मरीज पांच राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, पंजाब और छत्तीसगढ़ में हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 61 प्रतिशत से अधिक मरीज उपचाराधीन हैं।’’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि आठ राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, गुजरात, पंजाब और मध्य प्रदेश में कोविड-19 के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वैश्विक महामारी के नए मामलों में से 84.73 प्रतिशत मामले इन राज्यों से ही हैं।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘पिछले 24 घंटों में संक्रमित मरीजों की संख्या 11,846 तक बढ़ी है।’’
भारत में अब भी 5,52,566 मरीज इस महामारी से संक्रमित हैं। यह देश में संक्रमण के कुल मामलों का 4.55 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटों में 14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 से मौत का कोई मामला नहीं आया है। ये राज्य राजस्थान, असम, ओडिशा, लद्दाख, दादर और नगर हवेली, दमन और दीव, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, लक्षद्वीप, मेघालय, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश हैं।
टीकाकरण पर मंत्रालय ने कहा कि बुधवार सुबह सात बजे तक मिली रिपोर्ट के अनुसार 6.30 करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं।
इनमें से 82,16,239 स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को टीके की पहली खुराक, 52,19,525 कर्मियों को दूसरी खुराक, 90,48,417 अग्रिम मोचे के कर्मचारियों को पहली खुराक और अग्रिम मोर्चे के 37,90,467 कर्मचारियों को दूसरी खुराक, 45 साल से अधिक आयु वाले 73,52,957 लोगों को पहली खुराक और 6,824 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु वाले 2,93,71,422 लोगों को पहली खुराक और 48,502 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।
मंत्रालय ने बताया, ‘‘टीकाकरण अभियान के 74वें दिन (30 मार्च) तक कुल 19,40,999 टीके लगाए गए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 31, 2021 04:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

