देश की खबरें | कोविड-19 : भारत में 16 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच हुई
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 19 दिसंबर देश में बीते 24 घंटों में 11 लाख से अधिक नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है जिसके साथ देश में अब तक इस जांच से गुजरने वाले नमूनों की कुल संख्या 16 करोड़ से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय की ओर से जारी किए गए वक्तव्य में कहा गया कि निरंतर एवं व्यापक जांच से संक्रमण की दर कम हो रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटों में 11,71,868 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई जिसके साथ भारत में इस महामारी का पता लगाने के लिए अब तक कुल 16,00,90,514 नमूनों की जांच हो चुकी है।

इसमें बताया गया कि देश में संक्रमण की दर 6.25 फीसदी है तथा भारत की दैनिक जांच क्षमता बढ़ाकर 15 लाख की गई है।

भारत में करीब एक महीने के भीतर कोरोना वायरस संक्रमण के 10 लाख मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या शनिवार को एक करोड़ से अधिक हो गई जबकि संक्रमण से उबर चुके लोगों की कुल संख्या भी बढ़कर 95.50 लाख हो गई है।

मंत्रालय ने यह भी बताया कि बीते 24 घंटों में भारत में ठीक होने वाले लोगों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से अधिक है। जिसके परिणामस्वरूप उपचाराधीन मामलों की संख्या भी कम हो रही है और आज यह आंकड़ा 3,08,751 है।

शनिवार सुबह आठ बजे तक जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों की कुल संख्या 1,00,04,599 हो गई है। 24 घंटे के दौरान 347 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 1,45,136 हो गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)