थाईलैंड में कोविड-19 की वजह से लागू लॉकडाउन में ढील, पार्क खुले
दुनिया भर में मशहूर बैंकॉक के रेस्तरां को भी दोबारा खोलने की अनुमति दी गई है लेकिन अभी स्पष्ट नहीं है कि सरकार द्वारा निर्धारित सख्त एहतियाती उपायों के बाद कितने लोग यहां आते हैं।
बैंकॉक, तीन मई थाईलैंड की सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन में हफ्तों बाद रविवार को ढील दी, जिसके बाद राजधानी बैंकॉक में लोग पार्कों में टहलते, बाल कटवाते और शराब का लुत्फ उठाते हुए नजर आए।
दुनिया भर में मशहूर बैंकॉक के रेस्तरां को भी दोबारा खोलने की अनुमति दी गई है लेकिन अभी स्पष्ट नहीं है कि सरकार द्वारा निर्धारित सख्त एहतियाती उपायों के बाद कितने लोग यहां आते हैं।
सरकार के नियमों के मुताबिक रेस्तरां में ग्राहकों के बीच कम से कम पांच फुट की दूरी सुनिश्चित करनी होगी। स्वच्छता के तमाम उपायों के साथ ग्राहकों और कर्मचारियों के शरीर का तापमान लेना होगा। इससे छोटे रेस्तरां जहां पर 20 लोगों के एक साथ आने की व्यवस्था थी, लेकिन नये नियमों के तहत आठ से 10 लोग ही आ सकते हैं।
रेस्तरां ने मध्य मार्च से ही खाने को पहुंचाने की सेवा सीमित कर दी थी।
थाईलैंड की सरकार ने शराब की बिक्री से आंशिक रोक हटाई है। लोग शराब खरीद कर घर ले जा सकते हैं लेकिन बार अभी बंद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि सरकार ने 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू किया था लेकिन बैंकॉक सहित अन्य प्रांत इसे कभी भी आगे बढ़ा सकते हैं।
सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा के बाद महज कुछ घंटे का समय दिया था और उस अवधि के दौरान शराब की दुकानों पर भीड़ एकत्र हो गई थी। रविवार को एक बार फिर शराब की दुकानों पर लोगों की कतार देखने को मिली।
हफ्तों बाद खुली हवा में आए बैंकॉकवासियों की लुम्पिनी पार्क में भीड़ दिखी लेकिन मास्क पहने सभी लोगों के शरीर का तापमान लेने के बाद ही अंदर प्रवेश करने की अनुमति दी गई। पार्क में भी लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर सुरक्षा कर्मी सीटी बजाकर अलग होने की चेतावनी देते नजर आए।
लॉकडाउन के बाद नाई की दुकानें भी खुलीं और लोग सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए बाल कटवाते नजर आए। बाल बनाने के पेशे में मौजूद लोगों को अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है और उन्होंने लोगों से समय निर्धारित करके आने की सलाह दी है।
थाईलैंड की स्वास्थ्य एजेंसियों ने बताया कि रविवार को कोविड-19 के तीन मामले सामने आए हैं जिसके साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,969 पहुंच गई हैं जबकि 54 लोगों की मौत हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 05:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

