कोविड-19: सुपर-30 के संस्थापक यूसी बर्कले के छात्रों को ऑनलाइन करेंगे संबोधित
अमेरिका में कोविड-19 से 80,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
वाशिंगटन, 12 मई भारत में सुपर-30 के संस्थापक एवं गणितज्ञ आनंद कुमार कोरोना वायरस के कहर के बीच कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के छात्रों का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें ऑनलाइन संबोधित करेंगे।
अमेरिका में कोविड-19 से 80,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार ‘बर्कले इंडिया स्पीकर सीरिज’ के कार्यकारी उपाध्यक्ष शुभम पारिख ने कुमार को 16 मई को छात्रों को ऑनलाइन संबोधित करने का आमंत्रण दिया है।
बयान में कहा गया है कि इसका लक्ष्य महामारी के कारण अवसाद और तनाव का सामना कर रहे छात्रों का मनोबल बढ़ाना है।
कुमार को भेजे गए आमंत्रण में कहा गया, ‘‘ भारत में पले-बड़े होने और सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली की विकट स्थिति से अवगत होने के कारण, मैंने शिक्षा के माध्यम से समाज के हाशिए पर पड़े वर्गों के उत्थान के लिए आपके योगदान के महत्व को महसूस किया। शिक्षा क्षेत्र में आपके काम को सम्मानित किया गया , दुनिया भर में प्रशंसा की गई और हम चाहेंगे कि यूसी बर्कले के छात्र आपसे बहुमूल्य ज्ञान प्राप्त करें।’’
कुमार ने कहा कि वह इसको लेकर उत्साहित हैं।
कुमार अपने संस्थान ‘सुपर-30’ में वंचित वर्ग के बच्चों को आईआईटी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं।
कुमार ने कहा, ‘‘ संकट के इस समय में हमें संयम बनाए रखने और सकारात्मक रहने की जरूरत है। मैं छात्रों को मेरे छात्रों की सफलता की कहानियां सुनाऊंगा, जिन्होंने तमाम बाधाओं में भी हार नहीं मानी। चुनौतियां हमेशा अवसरों के साथ आती है। बस जरूरत है तो उन्हें पहचानने की।’’
अमेरिका में अभी तक कोविड- 19 से 80,352 लोगों की जान जा चुकी है और 13,00,000 से अधिक लोग वायरस से संक्रमित हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 10:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

