एजेंसी न्यूज

देश में कोविड-19 का आंकड़ा 1.16 लाख के पार, सरकार ने कहा मृत्यु दर दुनिया की अपेक्षा काफी कम

अधिकारियों ने दो महीने के अंतराल के बाद घरेलू उड़ानों को फिर से शुरू करने के लिए विस्तृत दिशानिर्देशों का ऐलान किया। वहीं कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये बीते 25 मार्च से जारी देशव्यापी लॉकडाउन के चौथे चरण में व्यावसायिक गतिविधियों एवं लोगों के आवगमन को गति मिली है।

देश में कोविड-19 का आंकड़ा 1.16 लाख के पार, सरकार ने कहा मृत्यु दर दुनिया की अपेक्षा काफी कम
जमात

नयी दिल्ली, 21 मई देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बृहस्पतिवार को एक लाख 16 हजार को पार कर गयी। हालांकि इसमें से आधे मामले पिछले एक पखवाड़े में सामने आये हैं जब से विशेष ट्रेनों के जरिये विभिन्न जगहों पर फंसे हुए लोगों की आवाजाही शुरू हुयी है और विदेशों में फंसे लोगों को विशेष विमान से यहां लाना शुरू किया गया है। सरकार ने हालांकि कहा कि दुनिया की औसत मृत्यु दर 6.65 प्रतिशत की तुलना में भारत में यह दर आधे से भी कम है।

अधिकारियों ने दो महीने के अंतराल के बाद घरेलू उड़ानों को फिर से शुरू करने के लिए विस्तृत दिशानिर्देशों का ऐलान किया। वहीं कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये बीते 25 मार्च से जारी देशव्यापी लॉकडाउन के चौथे चरण में व्यावसायिक गतिविधियों एवं लोगों के आवगमन को गति मिली है।

इसी समय केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से मौजूदा लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिये कहा है। इसमें रात का कर्फ्यू भी शामिल है जो शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक है। केंद्र ने यह भी कहा है कि इसे कुछ स्थानों पर प्रतिबंधों के उल्लंघन के बारे में पता चला है ।

सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को भेजे गये निर्देश में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिये कहा है। इसमें कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिये मास्क पहनना तथा एकदूसरे से मेल जोल से दूरी समेत अन्य उपाय शामिल हैं।

इस घातक वायरस के कारण देश भर में मरने वालों की संख्या 3500 के करीब है। इस वायरस के कारण मृत्यु दर करीब तीन फीसदी है। देश में करीब 47 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। अबतक करीब 15 अन्य देशों में कोरोना वायरस के कारण भारत से अधिक मौत हुयी हैं।

हालांकि, देश में ऐसे मरीजों की संख्या 65 हजार से अधिक है जिनका इलाज चल रहा है और भारत इस लिहाज से दुनिया में पांचवें स्थान पर है। अमेरिका, रूस, ब्राजील और फ्रांस ऐसे मुल्क हैं जहां भारत से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है ।

कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में भारत आंकड़ों के हिसाब से दुनिया का 11वां सर्वाधिक प्रभावित देश है। दस सबसे अधिक प्रभावित देशों में से कुछ में सक्रिय मामलों (ऐसे मरीजों के मामले जिनका अभी इलाज चल रहा है) की संख्या भारत से कम है, जिसमें स्पेन, इटली, जर्मनी, तुर्की एवं ईरान शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने सुबह आठ बजे की अपनी बुलेटिन में कहा कि कोविड—19 के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ कर 3435 हो गयी है जबकि संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर एक लाख 12 हजार 359 हो गयी है।

बुलेटिन के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में इस वायरस के कारण 132 लोगों की मौत हुयी है जबकि 5,609 नये मामले सामने आये हैं। इससे अब देश में वर्तमान में 63,624 लोगों का इलाज चल रहा है जबकि 45 हजार से अधिक लोग बीमारी से ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।

हालांकि, विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा रात साढ़े नौ बजे के घोषित आंकड़ों के अनुसार पीटीआई की तालिका के अनुसार देश भर में वायरस के संक्रमण के कुल मामलों की संख्या इससे अधिक है और यह एक लाख 16 हजार 295 पर पहुंच गयी है और इस वायरस से मरने वालों की संख्या तीन हजार 494 हो गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2020 01:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).