कोविड-19: हिमाचल में मुंबई से लौटे 16 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि, कुल संख्या 185
उन्होंने कहा कि ताजा सामने आए 16 मामलों में से छह कांगड़ा, पांच सोलन, चार मंडी और एक हमीरपुर जिले का है।
शिमला, 23 मई हिमाचल प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस के 16 नये मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 185 हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ताजा सामने आए 16 मामलों में से छह कांगड़ा, पांच सोलन, चार मंडी और एक हमीरपुर जिले का है।
उन्होंने कहा कि ताजा सामने आए मामलों में से नौ लोग मुंबई से लौटे हैं, पांच पश्चिम बंगाल से और दो जालंधर से वापस आए व्यक्ति हैं।
जिले के एक अधिकारी ने बताया कि कांगड़ा में जयसिंहपुर के लम्बगांव की 70 वर्षीय और भवारना की 44 वर्षीय एक महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई।
जयसिंहपुर के लम्बगांव के 48 वर्षीय, पालमपुर के 49 वर्षीय और जयसिंहपुर के 50 वर्षीय एक व्यक्ति में शनिवार को संक्रमण की पुष्टि हुई।
सभी लोग मुंबई से विशेष ट्रेन द्वारा 18 मई को राज्य में पहुंचे थे और उन्हें पालमपुर उपमंडल में पृथक-वास में रखा गया था।
सत्तर वर्षीय महिला को धर्मशाला के डीसीएचसी में स्थानांतरित किया जा रहा है और अन्य चार मरीजों को पीआरआई बैजनाथ ले जाया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा जांलधर से लौटा 68 वर्षीय व्यक्ति एसएआरआई टांडा में भर्ती है और उसमें कांगड़ा जिले में संक्रमण की पुष्टि हुई।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी एन के गुप्ता ने कहा कि सोलन में हाल ही में पश्चिम बंगाल में से लौटे पांच लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई और उन सभी को रामशहर में पृथक-वास में रखा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी जीवानंद चौहान ने बताया कि मंडी में एक परिवार के तीन सदस्य कोविड-19 के मरीज हैं और वे पहले से ही पृथक-वास में थे।
चौहान ने कहा कि परिवार में मां, बेटी और बेटा संक्रमित हैं लेकिन हाल ही में मुंबई से लौटे पिता में संक्रमण नहीं पाया गया।
अधिकारी ने कहा कि मुंबई के निवासी 61 वर्षीय एक टैक्सी चालक में भी कोविड-19 की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि टैक्सी चालक कुछ लोगों लेकर मुंबई से आया था और उसे सर्दी जुकाम के लक्षण दिखने पर पृथक-वास में रखा गया था।
हमीरपुर के उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि यकृत में संक्रमण की शिकार 72 वर्षीय एक महिला में कोविड-19 की पुष्टि हुई।
दुघा गांव की रहने वाली महिला के पति में भी दो दिन पहले कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
महिला इलाज के लिए जालंधर गई थी लेकिन वहां से वापस आ गई थी जिसके बाद उसे इलाज के लिए एक स्थानीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अभी कोविड-19 के 121 मरीजों का इलाज किया जा रहा है और अभी तक 60 लोग उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर में संक्रमण के सर्वाधिक 55 मामले सामने आए हैं और कांगड़ा में 36, सोलन में दस, मंडी में आठ, बिलासपुर में पांच, सिरमौर, ऊना और छम्ब में दो-दो और कुल्लू में एक मामला सामने आया है।
राज्य में अब तक कोविड-19 से चार लोगों की मौत हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2020 09:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

