कोविड-19: चीन की ‘बैट वुमन’ ने देश छोड़ कर पश्चिमी देश जाने की खबरों को किया खारिज
शी के रहस्यमयी तरीके से लापता हो जाने के बाद इन अटकलों को बल मिला था कि कोरोना वायरस संक्रमण चीन की किसी प्रयोगशाला से फैला है।
बीजिंग, दो मई चीन में वुहान विषाणु विज्ञान संस्थान (डब्ल्यूआईवी) की शीर्ष वैज्ञानिक और चमगादड़ों एवं उससे जुड़े वायरस पर अपने अनुसंधान को लेकर ‘बैट वुमन’ के नाम से प्रसिद्ध शी झेंगली ने कोविड-19 के बारे में खुफिया जानकारी के साथ चीन छोड़ कर किसी पश्चिमी देश में चले जाने की खबरों को खारिज कर दिया है।
शी के रहस्यमयी तरीके से लापता हो जाने के बाद इन अटकलों को बल मिला था कि कोरोना वायरस संक्रमण चीन की किसी प्रयोगशाला से फैला है।
‘ग्लोबल टाइम्स’ सरकारी समाचार पत्र ने शनिवार को बताया कि शी ने उनके चीन छोड़कर चले जाने संबंधी अफवाहों को अपने चीनी सोशल मीडिया ‘वीचैट’ अकाउंट पर खारिज किया।
शी ने अपने अकाउंट पर लिखा, ‘‘प्रिय मित्रों! मैं और मेरा परिवार सकुशल है।’’
उन्होंने हाल-फिलहाल की अपनी नौ तस्वीरें भी साझा की।
डब्ल्यूआईवी की निदेशक बताई जा रही शी ने कहा, ‘‘भले ही कितनी भी मुश्किलें हों, यह (देश छोड़कर जाना) कभी नहीं होगा। हमने कुछ भी गलत नहीं किया हैं। विज्ञान में दृढ़ विश्वास रखते हुए हम वह दिन देखेंगे, जब चीजें स्पष्ट हो जाएंगी और सच्चाई सामने आएगी।’’
हालांकि ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने यह नहीं बताया कि शी इस समय कहां है।
शी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प समेत दुनिया के कई अन्य नेताओं ने संदेह जताया है कि कोविड-19 वायरस डब्ल्यूआईवी की प्रयोगशाला में उत्पन्न हुआ है।
शी पिछले साल दिसंबर से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दी हैं, जिसे लेकर सवाल खड़े हो रहे थे। वुहान से दिसंबर में ही यह संक्रमण फैलना आरंभ हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 08:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

