देश की खबरें | कोविड-19 : ओडिशा में संक्रमण के 222 नए मामले, महाराष्ट्र में तीन मरीजों की मौत

मुंबई/भुवनेश्वर, 24 सितंबर महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 619 नये मामले सामने आए, जिसके साथ राज्य में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 81,18,804 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत हो जाने पर कुल मृतक संख्या बढ़कर 1,48,327 हो गई।

इससे पहले, महाराष्ट्र में सोमवार को कोविड-19 के 611 मामले सामने आए थे जबकि दो मरीजों की मौत हुई थी।

स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में बीते 24 घंटे में 686 लोग संक्रमण मुक्त हुए। इसके साथ ही ठीक हुए लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 79,66,768 हो गई है। राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन रोगियों की संख्या वर्तमान में 3,709 है। संक्रमण से ठीक होने की दर 98.13 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 1.82 प्रतिशत बनी हुई है।

संक्रमण के नये मामलों में पुणे क्षेत्र में 260 नये मामले सामने आए। कोल्हापुर क्षेत्र में दो जबकि मुंबई क्षेत्र में एक मरीज की मौत हुई।

इस बीच, ओडिशा में शनिवार को कोविड-19 के 222 नये मरीज मिलने के साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,32,957 हो गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी।

नये संक्रमितों में 36 बच्चे भी शामिल हैं। बुलेटिन के मुताबिक बीते 24 घंटे में 65 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 9,188 पर पहुंच गयी।

ओडिशा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 202 नए मामले सामने आए थे।

बुलेटिन के अनुसार, ओडिशा में फिलहाल कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,417 है। राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 204 मरीज संक्रमण मुक्त हुए, जिससे राज्य में इस महामारी को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 13,22,299 हो गई है वहीं संक्रमण की दैनिक दर 1.46 प्रतिशत बनी हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)