कोविड-19: महाराष्ट्र पुलिस के 1,671 कर्मी अब तक संक्रमण की चपेट में आए, 18 की मौत

एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जियो

मुंबई, 23 मई महाराष्ट्र में कोविड-19 से अब तक एक अधिकारी समेत कम से कम 18 पुलिस कर्मियों की मौत हो चुकी है।

एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

राज्य में लॉकडाउन का पालन कराने में जुटी महाराष्ट्र पुलिस गंभीर रूप से इस महामारी की चपेट में है।

अधिकारी ने बताया कि अभी तक विभाग के 174 अधिकारियों और 1,497 अन्य कर्मचारियों समेत 1,671 कर्मी संक्रमण का शिकार हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में संक्रमण और इससे हुई मौत के सर्वाधिक मामले मुंबई पुलिस में सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि अभी तक कोविड-19 से ग्रसित कम से कम 42 पुलिस अधिकारी और 499 कांस्टेबल उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

संक्रमण के खतरे के अलावा पुलिस को लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जनता के गुस्से का भी शिकार होना पड़ रहा है।

अधिकारी ने कहा कि राज्य भर में पुलिस पर हमले की 246 घटनाएं सामने आ चुकी हैं जिनमें 85 पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड घायल हुआ।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के अंतर्गत एक लाख से अधिक मामले दर्ज किए और इन मामलों में 22,753 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने राज्य में मुंबई को छोड़कर अन्य स्थानों पर पृथक-वास के नियम का उल्लंघन करने वाले 680 लोगों को खोज निकाला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

\