जोधपुर (राजस्थान), सात मई सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक कंपनी के 12 और जवानों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की बृहस्पतिवार को यहां पुष्टि हुई। इसके साथ ही, इस इकाई में संक्रमण के कुल मामले बढ़ कर 42 हो गये हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ की यह कंपनी राष्ट्रीय राजधानी के पुराना शहर इलाके में अपनी तैनाती के बाद जोधपुर लौटी थी।
एक अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के 30 प्रहरियों की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 12 और प्रहरियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली से जोधपुर लौटे संक्रमित बीएसएफ कर्मियों की कुल संख्या 42 हो गई है।
इन जवानों के नमूनों की जांच रिपोर्ट राज्य के मेडिकल एवं स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को जारी की।
बीएसएफ अधिकारी के मुताबिक ये सभी जवान बल की 57 जवानों की एक कंपनी का हिस्सा थे, जिसे आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी पर जयपुर से दिल्ली भेजा गया था और उन्हें जामा मस्जिद इलाके में रखा गया था।
इस पूरी कंपनी को हवाई मार्ग से सोमवार को जोधपुर लाया गया और यहां बीएसएफ के अनुषंगी प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) में पृथक वास में रखा गया।
बल के एक अधिकारी ने बताया कि 57 में से 15 जवानों की कोविड-19 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
सभी संक्रमित जवानों को यहां जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, जिनकी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है उन्हें 14 दिनों के लिये पृथक-वास में रहना होगा।
बीएसएफ के राजस्थान सीमांत महानिरीक्षक अमित लोढ़ा ने कहा कि जोधपुर में बल के किसी और जवान के संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY