देश की खबरें | कोविड-19: भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 11,427 नए मामले आए सामने, 118 और लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में 11,427 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,07,57,610 हो गई है।
नयी दिल्ली, एक फरवरी भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में 11,427 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,07,57,610 हो गई है।
संक्रमित हुए इन लोगों में से 1,04,34,983 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। इसी के साथ संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर में इजाफा हुआ है और यह 97 प्रतिशत हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी के कारण 118 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,54,392 हो गई है। कोरोना वायरस के मरीजों की मृत्युदर 1.44 प्रतिशत बनी हुई है।
देश में लगातार 13 दिन से उपचाराधीन लोगों की संख्या दो लाख से कम है। अभी 1,68,235 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.56 प्रतिशत है।
भारत में सात अगस्त को संक्रमित लोगों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 31 जनवरी तक कुल 19,70,92,635 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 5,04,263 नमूनों की जांच रविवार को की गई।
पिछले 24 घंटे में 118 संक्रमित लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 40, केरल में 21, पश्चिम बंगाल में नौ, उत्तर प्रदेश में आठ, पंजाब और तमिलनाडु में छह-छह और दिल्ली एवं कर्नाटक में चार-चार लोगों की मौत हुई है।
देश में अब तक कुल 1,54,392 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से महाराष्ट्र में 51,082, तमिलनाडु में 12,356, कर्नाटक में 12,217, दिल्ली में 10,853, पश्चिम बंगाल में 10,173, उत्तर प्रदेश में 8,658 और आंध्र प्रदेश में 7,153 लोगों की जान इस बीमारी की वजह से गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं।
मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 01, 2021 11:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

