कोविड-19 : गोवा में संक्रमण के 11 नये मामले, कुल संख्या बढ़कर 66 हुई
रविवार रात जारी एक स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक तटीय राज्य में अब भी 47 मरीजों का कोविड-19 संक्रमण का इलाज चल रहा है। अभी तक 19 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पणजी, 24 मई दिल्ली-तिरुवनंतपुरम राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से शनिवार को गोवा पहुंचे 11 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
रविवार रात जारी एक स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक तटीय राज्य में अब भी 47 मरीजों का कोविड-19 संक्रमण का इलाज चल रहा है। अभी तक 19 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस से शनिवार को दक्षिण गोवा जिले के मडगांव रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले 263 लोगों की कोविड-19 संक्रमण की जांच की गई। इनमें से त्वरित जांच में 11 लोग संक्रमित पाए गए।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार के गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की विषाणु विज्ञान प्रयोगशाला में जांच में 11 लोग संक्रमित पाए गए।’’
अधिकारी ने बताया कि पांच साल के बच्चे समेत सभी 11 यात्रियों को मडगांव के ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अभी तक राज्य में 12,499 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण के लिए जांच की गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि गोवा में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे का रविवार को मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात करने का कार्यक्रम है।
राणे मुख्यमंत्री से और सख्त नियम लागू करने का अनुरोध कर सकते हैं जिनमें सोमवार से राज्य में आने वाले यात्रियों के मान्यता प्राप्त निजी प्रयोगशालाओं से कोविड-19 से संक्रमित न पाए जाने का प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य करना शामिल हो सकता है। नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार से विमानों का संचालन बहाल करने का फैसला किया है।
सोमवार को गोवा हवाई अड्डे पर कम से कम 15 विमानों के पहुंचने का कार्यक्रम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 24, 2020 11:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

