देश की खबरें | उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में आप का चेहरा रहे कोठियाल ने पार्टी छोड़ी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इस साल फरवरी में उत्तराखंड में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
देहरादून/नयी दिल्ली, 18 मई इस साल फरवरी में उत्तराखंड में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
पूर्व सैन्य अधिकारी ने ट्विटर पर पार्टी छोड़ने के फैसले की घोषणा की। उन्होंने अपने इस्तीफे की प्रति भी साझा की।
उत्तराखंड चुनाव में आप को हार का सामना करना पड़ा था और कोठियाल की गंगोत्री विधानसभा सीट पर जमानत जब्त हो गयी थी।
आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में कर्नल कोठियाल ने कहा, ‘‘मैं 19 अप्रैल, 2021 से 18 मई, 2022 तक आम आदमी पार्टी का सदस्य रहा। पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बल कर्मियों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और विद्वानों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं 18 मई को आपको अपना इस्तीफा भेज रहा हूं।’’
बताया जा रहा है कि कोठियाल चुनावी हार के बाद पार्टी के व्यवहार से खुश नहीं थे। उन्हें उत्तराखंड में पार्टी के प्रदर्शन का विश्लेषण करने के लिए पिछले दिनों दिल्ली में आयोजित एक बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया था।
आप नेता जे सिंह बिष्ट ने कहा कि कर्नल कोठियाल का पार्टी छोड़ने का फैसला व्यक्तिगत है। बिष्ट ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर आप का दामन थामा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)