देश की खबरें | ‘हम दो’ के आदेश का पालन करने के लिए कुर्सी पर बैठें हैं कोश्यारी: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने मुंबई के संदर्भ में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की टिप्पणी को लेकर शनिवार को उन पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कोश्यारी कुर्सी पर सिर्फ इसलिए बैठे हैं क्योंकि 'हम दो' के आदेश का निष्ठापूर्वक पालन करते हैं।
नयी दिल्ली, 30 जुलाई कांग्रेस ने मुंबई के संदर्भ में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की टिप्पणी को लेकर शनिवार को उन पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कोश्यारी कुर्सी पर सिर्फ इसलिए बैठे हैं क्योंकि 'हम दो' के आदेश का निष्ठापूर्वक पालन करते हैं।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कोश्यारी के बयान का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘इनका नाम 'कोश्यारी' है। लेकिन एक गवर्नर के तौर पर जो बोलते हैं और करते हैं उसमें थोड़ी भी 'होशियारी' नहीं होती। ये कुर्सी पर सिर्फ इसलिए बैठे हैं क्योंकि 'हम दो' के आदेश का निष्ठापूर्वक पालन करते हैं।’’
कांग्रेस ‘हम दो’ शब्दावली का उपयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर कटाक्ष करने के लिए अकसर करती है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘मेरे पिता (मुरली देवड़ा) राजस्थान और मां कोल्हापुर से थीं। इसके बावजूद वे अपनी पहचान मुंबईवासी और महाराष्ट्रवासी के तौर पर रखते थे। मुंबई के मूल निवासी सभी लोगों का स्नेह और सम्मान के साथ स्वागत करते हैं। यही विविधता ही इस महानगर की सबसे बड़ी ताकत है। जब मुंबई भेदभाव नहीं करती तो हम क्यों करें?’’
महाराष्ट्र प्रदेश प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंढे ने इस टिप्पणी के लिए राज्यपाल की आलोचना करते हुए कहा कि इससे राज्य के प्रति उनकी नफरत की बू आती है। उन्होंने राज्यपाल से इस बयान के लिए माफी की मांग की।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शुक्रवार को कहा था कि अगर मुंबई से गुजरातियों और राजस्थानियों को हटा दिया जाए तो शहर के पास न तो पैसे रहेंगे और न ही वित्तीय राजधानी का तमगा।
मुंबई में एक कार्यक्रम में कोश्यारी ने कहा, ‘‘मैं यहां के लोगों को बताना चाहता हूं कि अगर गुजरातियों और राजस्थानियों को महाराष्ट्र, खासतौर पर मुंबई व ठाणे से हटा दिया जाए, तो आपके पास पैसे नहीं रहेंगे और न ही मुंबई वित्तीय राजधानी बनी रह पाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)