Korea Open Super 500: पीवी सिंधू कोरिया ओपन के पहले दौर में हारी, वहीं प्रियांशु राजावत दूसरे दौर में पहुचें
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और वह यहां बुधवार को कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के पहले दौर में चीनी ताइपे की पेई यू-पो के खिलाफ तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं.
येओसु (कोरिया), 19 जुलाई: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और वह यहां बुधवार को कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के पहले दौर में चीनी ताइपे की पेई यू-पो के खिलाफ तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं. इस हफ्ते विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर खिसकने वाली सिंधू दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी पेई यू-पो के खिलाफ महिला एकल के पहले दौर के मुकाबले में 18-21 21-10 13-21 से हार गईं. यह भी पढ़ें: Virat Kohli Meets Brian Lara: अपने 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने से पहले विराट कोहली ने ब्रायन लारा से की मुलाकात, देखें वीडियो
यह मुकाबला 58 मिनट चला. भारत के प्रियांशु राजावत हालांकि दूसरे दौर में पहुंच गए. उन्होंने स्थानीय खिलाड़ी चोइ जि हून को पुरूष एकल वर्ग में सीधे गेम में हराया. दुनिया के 32वें नंबर के खिलाड़ी ओरलियंस मास्टर्स विजेता राजावत ने चोइ को 42 मिनट में 21-15 21-19 से हराया. अब उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान के कोडाइ नराओका से होगा.
जून में विक्टर डेनमार्क मास्टर्स अंतरराष्ट्रीय चैलेंज का खिताब जीतने वाली एन सिक्की रेड्डी और रोहन कपूर की मिश्रित युगल जोड़ी ने एल्विन मोराडा और एलिसा यसाबेल लियोनार्डो की फिलिपीन्स की जोड़ी के खिलाफ सीधे गेम में 21-17 21-17 की जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बना ली है.
यह भारतीय जोड़ी अगले दौर में फेंग यान झी और हुआंग डोंग पिंग की चीन की चौथी वरीय जोड़ी से भिड़ेगी.
किरण जॉर्ज हालांकि पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सके और चीनी ताइपै के दुनिया के 29वें नंबर के खिलाड़ी वांग जू वेइ से 17-21 9-21 से हार गए. आकर्षी कश्यप, तस्नीम मीर, मिथुन मंजूनाथ और अश्मिता चालिहा को भी पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा जिससे शीर्ष खिलाड़ियों और उनके बीच के स्तर में भारी अंतर का पता चलता है.
आकर्षी को चीन की दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी झेंग यी मान के खिलाफ 12-21 17-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि तस्नीम को कोरिया की दुनिया की 19वें नंबर की खिलाड़ी किम गा युन के खिलाफ 11-21 18-21 से हार झेलनी पड़ी. राष्ट्रीय चैंपियन मंजूनाथ के पास मलेशिया के दुनिया के 23वें नंबर के खिलाड़ी एनजी जे योंग का कोई जवाब नहीं था. मलेशियाई खिलाड़ी ने एकतरफा मुकाबले में 21-11 21-4 से जीत दर्ज की.
अश्मिता को भी ओलंपिक चैंपियन चेन यूई फेई के खिलाफ सीधे गेम में 13-21 12-21 से हार का सामना करना पड़ा. बी सुमीत रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा को कोरिया के सोंग हयून चो और ली जुंग हयून की जोड़ी ने मिश्रित युगल के पहले दौर में 23-21, 13-21, 21-12 से हराया.
बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर छह स्तरों पर बंटा है जिनमें विश्व टूर फाइनल्स, सुपर 1000 चार, सुपर 750 छह , सुपर 500 सात और सुपर 300 स्तर के 11 टूर्नामेंट शामिल हैं. एक अन्य वर्ग बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 100 स्तर है जिससे रैंकिंग अंक मिलते हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2023 02:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

