देश की खबरें | कोलकाता, हावड़ा नगर निकाय चुनाव 19 दिसंबर को

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्य निर्वाचन आयोग ने कोलकाता एवं पड़ोसी हावड़ा के नगर निगमों में चुनाव 19 दिसंबर को कराने का पश्चिम बंगाल सरकार का प्रस्ताव मंगलवार को मंजूर कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कोलकाता, नौ नवंबर राज्य निर्वाचन आयोग ने कोलकाता एवं पड़ोसी हावड़ा के नगर निगमों में चुनाव 19 दिसंबर को कराने का पश्चिम बंगाल सरकार का प्रस्ताव मंगलवार को मंजूर कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में उन सभी नगर निगमों और नगरपालिकाओं में एक ही बार में चुनाव कराने संबंधी निर्देश प्राप्त करने को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करने के बारे में वह वकीलों से विचार-विमर्श कर रही है, जहां पर चुनाव अभी होने हैं।

बंगाल में कोलकाता और पड़ोसी हावड़ा के नगर निगम समेत 100 से अधिक नगर निकायों में चुनाव काफी समय से लंबित हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कोलकाता नगर निगम के 144 वार्ड और हावड़ा नगर निगम के 50 वार्ड में मतदान 19 दिसंबर को होगा।’’

इस बाबत अधिसूचना 25 नवंबर को जारी की जा सकती है।

अधिकारी ने बताया कि आयोग 20 नवंबर को सर्वदलीय बैठक बुला सकता है। एक अन्य बैठक अधिसूचना जारी होने के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ होगी।

भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी ने बताया कि पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग से सोमवार को मुलाकात की थी और मांग की थी कि सभी नगर पालिकाओं और निगमों में चुनाव एक साथ ही करवाए जाएं।

तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि जब उसने एक ही चरण में विधानसभा चुनाव कराने की मांग की थी, तब भाजपा ने आठ चरण में चुनाव कराने का समर्थन किया।

राज्य में विधानसभा चुनाव इस साल की शुरुआत में हुए थे।

प्रदेश सरकार ने राज्य निर्वाचन आयोग को प्रस्ताव भेजा था जिसमें कहा गया कि कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों में चुनाव 19 दिसंबर को कराए जाएं।

प्रताप बनर्जी ने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर हम उच्च न्यायालय जाने पर विचार कर रहे है। इस बारे में अपने वकीलों से बात करने के लिए आज हम अदालत पहुंचे।’’

आयोग के अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि दो दिसंबर हो सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\