खेल की खबरें | कोहली डटे, भारत के चाय तक चार विकेट पर 141 रन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय कप्तान विराट कोहली ने तेज गेंदबाजों विशेषकर कागिसो रबाडा की तेज तर्रार गेंदों का डटकर सामना किया जिससे टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार को यहां तीसरे और अंतिम टेस्ट के शुरूआती दिन चाय तक चार विकेट गंवाकर 141 रन बना लिये।
केपटाउन, 11 जनवरी भारतीय कप्तान विराट कोहली ने तेज गेंदबाजों विशेषकर कागिसो रबाडा की तेज तर्रार गेंदों का डटकर सामना किया जिससे टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार को यहां तीसरे और अंतिम टेस्ट के शुरूआती दिन चाय तक चार विकेट गंवाकर 141 रन बना लिये।
भारतीय टीम ने दूसरे सत्र में चेतेश्वर पुजारा (77 गेंद में 43 रन) और अजिंक्य रहाणे (12 गेंद में नौ रन) के विकेट गंवाकर 66 रन जोड़े।
कोहली 40 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। उन्होंने कुछ शानदार कवर ड्राइव लगाये। भारतीय कप्तान के साथ चाय ब्रेक तक दूसरे छोर पर ऋषभ पंत 12 रन बनाकर खेल रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों विशेषकर रबाडा ने न्यूलैंड्स में बादलों से भरे आसमान में दूधिया रोशनी के तले अपनी गेंदों से बल्लेबाजों को परेशानी में डाला।
कोहली ने सुबह शानदार कवर ड्राइव से खाता खोला था, उन्होंने दोपहर के सत्र में मार्को जेनसेन पर एक और खूबसूरत कवर ड्राइव लगाया। इसके अलावा उन्होंने रबाडा की गेंद पर एक छक्का भी जड़ा।
रबाडा ने अपने सात ओवर के स्पैल में कहर बरपाया लेकिन कोहली ने उतने ही संयम और अनुशासन से इनका डटकर सामना किया।
पुजारा ने फिर वही जुझारू जज्बा दिखाया लेकिन वह जेनसेन की खूबसूरत गेंद का शिकार हुए। राउंड द विकेट से अंदर आकर कोण लेती गेंद पुजारा के बल्ले का बाहरी किनारा लेती हुई विकेटकीपर के हाथों में चली गयी।
रहाणे श्रृंखला के दौरान प्रभावशाली बल्लेबाजी की है लेकिन अच्छी शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाये हैं और वह भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। रबाडा की गुड लेंथ गेंद ने उनकी पारी समाप्त की।
सुबह के सत्र में भारत ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट जल्दी गंवा दिये थे जिससे लंच तक टीम का स्कोर दो विकेट पर 75 रन था।
दूसरे टेस्ट में नहीं खेलने वाले कप्तान कोहली ने बादलों से भरे आसमान में न्यूलैंड्स की घसियाली पिच पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज रबाडा और डुआने ओलिवर की जोड़ी ने पहले घंटे में परिस्थितियों का अच्छा इस्तेमाल कर क्रमश: मयंक अग्रवाल (35 गेंद में 15 रन) और केएल राहुल (35 गेंद में 12 रन) को आउट किया।
अपना 50वां टेस्ट खेल रहे रबाडा ने लगातार ऑफ स्टंप को निशाना बनाया जबकि ओलिवर ने अच्छे उछाल की पिच पर तेज तर्रार गेंदबाजी की।
फॉर्म में चल रहे राहुल पिछले कुछ समय से गेंद छोड़ने के मामले में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन उन्होंने ऑफ स्टंप के ऊपर जाती गेंद पर बल्ला छुआ दिया और गेंद उनके बल्ले का किनारा चूमते हुए विकेटकीपर के हाथों में समा गयी।
रबाडा ने अग्रवाल को आगे खेलने के लिये उकसाया और गेंद उनके बल्ले का किनारा छूकर दूसरी स्लिप में खड़े ऐडन मार्कराम के हाथों में चली गयी। अग्रवाल ने जब खाता भी नहीं खोला था तब वह पारी के तीसरे ओवर में उन्हें जीवनदान मिला था।
भारत का स्कोर दो विकेट पर 33 रन था। तब कोहली और पुजारा क्रीज पर उतरे और दोनों ने पारी को संभाला।
पुजारा ने फिर अच्छा जज्बा दिखाया और ढीली गेंदों को छोड़ने में काफी सक्रिय रहे।
कोहली को खाता खोलने में 15 गेंद लगी लेकिन इंतजार का फल अच्छा रहा और फिर उन्होंने बायें हाथ के तेज गेंदाज मार्को जेनसन पर खूबसूरत कवर ड्राइव लगायी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 11, 2022 07:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

