देश की खबरें | कोच्चि अक्टूबर में 16वीं कृषि विज्ञान कांग्रेस की मेजबानी करेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आईसीएआर-केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान (सीएमएफआरआई) केरल के कोच्चि में 10 से 13 अक्टूबर तक 16वीं कृषि विज्ञान कांग्रेस (एएससी) और एक्सपो की मेजबानी करेगा।
कोच्चि, आठ जून आईसीएआर-केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान (सीएमएफआरआई) केरल के कोच्चि में 10 से 13 अक्टूबर तक 16वीं कृषि विज्ञान कांग्रेस (एएससी) और एक्सपो की मेजबानी करेगा।
नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी (एनएएएस) द्वारा आयोजित 16वां एएससी “सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल करने के लिए कृषि-खाद्य प्रणालियों में बदलाव” विषय पर केंद्रित होगा।
यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि कृषि विज्ञान कांग्रेस का मकसद दुनियाभर के अग्रणी शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, छात्रों, किसानों और उद्यमियों को कृषि-खाद्य प्रणालियों के सभी पहलुओं पर अपने शोध निष्कर्षों, विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करने का संयुक्त मंच प्रदान करना है, ताकि संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित एसडीजी की प्राप्ति के लिए एक रोडमैप तैयार किया जा सके।
बयान के मुताबिक, कृषि विज्ञान कांग्रेस में हिस्सा लेने वाले प्रतिनिधि एवं प्रतिभागी कृषि से संबंधित मुद्दों के अलावा जमीन एवं पानी की उपलब्धता, कृषि उत्पादन प्रणाली, नवीकरणीय एवं वैकल्पिक ऊर्जा, वैकल्पिक कृषि प्रणाली, तटीय खेती, अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों आदि के बारे में अपना ज्ञान साझा करेंगे, ताकि एसडीजी की प्राप्ति के लिए क्षेत्र में जरूरी बदलाव किए जा सकें।
बयान के अनुसार, कृषि विज्ञान कांग्रेस में भारत और विदेश से 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों, बड़ी संख्या में किसानों तथा स्थानीय लोगों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
इसमें बताया गया है कि एग्री एक्सपो में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के अनुसंधान संस्थानों, विश्वविद्यालयों, कृषि-उद्योगों, एजेंसियों और गैर-सरकारी संगठनों की नवीन कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
बयान के मुताबिक, कार्यक्रम में एक भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य कृषि विश्वविद्यालयों, डीम्ड कृषि विश्वविद्यालयों और केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)