देश की खबरें | तिरूपति लड्डुओं के लिये घी की अपूर्ति नहीं कर रहा कर्नाटक का केएमएफ

बल्लारी, 31 जुलाई कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (केएमएफ) अब आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर में ‘प्रसाद’ के रूप में दिए जाने वाले प्रसिद्ध लड्डू बनाने के लिए ‘नंदिनी’ ब्रांड घी की आपूर्ति नहीं कर रहा है। केएमएफ के अध्यक्ष भीमा नाइक ने इसकी जानकारी दी ।

नाइक ने कहा कि नंदिनी ब्रांड नाम के तहत अपने उत्पाद बेचने वाले केएमएफ को उसकी गुणवत्ता के लिए जाना जाता है । उन्होंने कहा कि यह कीमत पर समझौता नहीं कर सकता और इसलिए उन्होंने मंदिर का प्रबंधन करने वाले ट्रस्ट तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की आवश्यकतानुसार निविदा प्रक्रिया में भाग नहीं लिया।

केएमएफ कई वर्षों से टीटीडी को घी की आपूर्ति कर रहा है और सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट कई बार कह चुका है कि केएमएफ के घी के कारण लड्डू का स्वाद बेहतर होता है।

नाइक रविवार को नंदिनी दूध की कीमतों में वृद्धि के बारे में मीडिया से बात कर रहे थे, जब उन्होंने टीटीडी मुद्दे का उल्लेख किया।

कर्नाटक मंत्रिमंडल ने 27 जुलाई को केएमएफ द्वारा उसके नंदिनी दूध की बिक्री कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।

नई कीमतें एक अगस्त से लागू होंगी ।

नाइक ने कहा, ‘‘कई वर्षों से, केएमएफ घी का उपयोग तिरूपति लड्डू के लिए किया जाता है। मेरा मानना है कि कोई भी अन्य घी नंदिनी घी की गुणवत्ता के सामने नहीं टिक सकता है; हमारे ग्राहकों ने हमें यह 100 प्रतिशत प्रमाणन दिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)