एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केएल राहुल पांचवें टेस्ट से बाहर, बुमराह की वापसी: बीसीसीआई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को कहा कि सीनियर बल्लेबाज केएल राहुल चोट के कारण धर्मशाला में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट में नहीं खेलेंगे जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम में वापसी करेंगे।

देश की खबरें | केएल राहुल पांचवें टेस्ट से बाहर, बुमराह की वापसी: बीसीसीआई

नयी दिल्ली, 29 फरवरी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को कहा कि सीनियर बल्लेबाज केएल राहुल चोट के कारण धर्मशाला में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट में नहीं खेलेंगे जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम में वापसी करेंगे।

राहुल के दायें पैर की जांघ में सूजन बनी हुई और वह अपनी चोट पर विशेषज्ञ की राय लेने के लिए लंदन गए हैं।

यह विकेटकीपर बल्लेबाज जनवरी में हैदराबाद में श्रृंखला के पहले मैच के बाद से ही उपलब्ध नहीं है और बीसीसीआई के अनुसार वह इस महीने के शुरू में राजकोट में तीसरे टेस्ट से पहले 90 प्रतिशत फिट थे।

बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘केएल राहुल की आईडीएफसी फर्स्ट बैंक श्रृंखला के अंतिम टेस्ट में भागीदारी फिटनेस पर निर्भर थी लेकिन वह धर्मशाला में पांचवें और अंतिम टेस्ट में नहीं खेल पायेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी चोट पर नजर रखे है और इस संबंध में लंदन में विशेषज्ञों से सलाह लेने की कोशिश कर रही है। ’’

टीम की कार्यभार प्रबंधन नीति के तहत रांची में चौथे टेस्ट के लिए टीम से रिलीज किए गए बुमराह सात मार्च से धर्मशाला में शुरू होने वाले अंतिम टेस्ट के लिए टीम से जुड़ेंगे।

भारत ने रांची में चौथे टेस्ट में जीत के बाद श्रृंखला में 3-1 से अजेय बढ़त बनायी हुई है।

अंतिम टेस्ट में राहुल की अनुपस्थिति का मतलब है कि रजत पाटीदार टीम में बने रहेंगे लेकिन अंतिम एकादश में उनका शामिल होना निश्चित नहीं है क्योंकि वह छह पारियों में कुल मिलाकर 63 रन ही बना सके हैं।

हरफनमौला वाशिंगटन सुंदर को भी टीम से रिलीज कर दिया गया है।

बीसीसीआई ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘वह दो मार्च 2024 से मुंबई के खिलाफ शुरू होने वाले रणजी ट्राफी सेमीफाइनल मैच के लिये अपनी रणजी टीम तमिलनाडु में शामिल होंगे। और अगर जरूरत पड़ी तो अपना घरेलू मैच पूरा होने के बाद पांचवें टेस्ट के लिए भारतीय टीम में जुड़ जायेंगे। ’’

राहुल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जाइंट्स का नेतृत्व करेंगे और उन्हें आईपीएल से पहले पूरी तरह फिट होना होगा।

इसी चोट के कारण राहुल पिछले साल भी लगभग चार महीने तक टीम से बाहर रहे थे।

आईपीएल के दौरान चोटिल होने के बाद राहुल ने पिछले सितंबर में एशिया कप के दौरान वापसी की। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट दौरे में राहुल भारत के लिए शतक बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। यह श्रृंखला ड्रा रही थी।

बीसीसीआई ने यह भी कहा कि सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी 26 फरवरी को सर्जरी के बाद अच्छी तरह उबर रहे हैं।

बीसीसीआई ने शमी के बारे में कहा, ‘‘वह सर्जरी से उबर रहे हैं और जल्द ही रिहैबिलिटेशन शुरू करने के लिए बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए)जायेंगे। ’’

पांचवें टेस्ट के लिए भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, आकाश दीप।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 29, 2024 03:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).