एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजा रघुवंशी के भाई ने ‘दूसरे मंगलसूत्र’ के आधार पर सोनम और उसके ‘प्रेमी’ की शादी का संदेह जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मेघालय में हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के बड़े भाई ने एक मंगलसूत्र के आधार पर बृहस्पतिवार को संदेह जताया कि इस हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी सोनम ने अपने कथित प्रेमी और सह-षड़यंत्रकर्ता राज कुशवाह से शादी कर ली होगी।

देश की खबरें | राजा रघुवंशी के भाई ने ‘दूसरे मंगलसूत्र’ के आधार पर सोनम और उसके ‘प्रेमी’ की शादी का संदेह जताया

इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन जुलाई मेघालय में हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के बड़े भाई ने एक मंगलसूत्र के आधार पर बृहस्पतिवार को संदेह जताया कि इस हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी सोनम ने अपने कथित प्रेमी और सह-षड़यंत्रकर्ता राज कुशवाह से शादी कर ली होगी।

राजा रघुवंशी हत्याकांड में उनकी पत्नी सोनम और कुशवाह समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आठ आरोपी मेघालय के जेल में न्यायिक हिरासत के तहत बंद हैं।

राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने संवाददाताओं से कहा,‘‘हमें पता चला है कि मेरे भाई के हत्याकांड की जांच के दौरान मेघालय पुलिस ने दो मंगलसूत्र बरामद किए हैं। इनमें से एक मंगलसूत्र हमने राजा और सोनम की शादी के दौरान सोनम को परंपरा के अनुसार तोहफे में दिया था, लेकिन दूसरा मंगलसूत्र इस मंगलसूत्र से अलग है।"

उन्होंने कहा,‘‘हमें लगता है कि मेरे भाई की हत्या के बाद सोनम जब इंदौर में छिपी थी, तब उसने कुशवाह से शादी कर ली होगी। दूसरा मंगलसूत्र इन दोनों की शादी से जुड़ा हो सकता है।’’

सोनम की गिरफ्तारी के बाद उसका बड़ा भाई गोविंद 11 जून को अचानक राजा रघुवंशी के घर पहुंचा था और अपने दिवंगत जीजा राजा की मां से लिपटकर फूट-फूट कर रोया था।

गोविंद ने दावा किया था कि उसके परिवार ने सोनम से सारे संबंध तोड़ लिए हैं और उसे अदालत से फांसी की सजा दिलाने के लिए राजा रघुवंशी के परिवार की ओर से वह खुद कानूनी लड़ाई लड़ेगा।

बहरहाल, अब सोनम के बड़े भाई गोविंद को लेकर राजा रघुवंशी के परिवार के सुर बदल गए हैं और दोनों परिवारों के बीच तल्खी साफ दिखाई देने लगी है।

राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने कहा,‘‘गोविंद अपनी बहन सोनम से मिलने की इच्छा जताते हुए मीडिया में लगातार बयान दे रहा है। वह चाहे तो सोनम से मिल सकता है और उसे बचाने के लिए वकील भी नियुक्त कर सकता है, लेकिन उसे यही सब करना था तो उसने अपनी बहन की गिरफ्तारी के बाद हमारे घर आकर हमारे परिवार की भावनाओं से खिलवाड़ क्यों किया?’’

उन्होंने कहा,‘‘जिस तरह सोनम ने मेरे भाई राजा का भरोसा तोड़ा, उसी तरह गोविंद ने हमारे परिवार का भरोसा तोड़ा है। हमें सोनम और उसके परिवार से लगातार धोखा ही मिल रहा है।’’

राजा रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे और उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को पाया गया था।

राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे।

मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है।

हर्ष संतोष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).